Kathua Terrorist Attack: आतंकी हमले में उत्तराखंड ने अपने पांच जवानों को खो दिया है। खबर फैलते ही देवभूमि में शोक की लहर है। वहीं, सरकार ने आतंकवादियों को चेतावनी दी है।
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में कल आतंकवादियों ने हमला किया था। इससे उत्तराखंड के पांच जवान शहीद हो गए। इस खबर के बाद से देवभूमि शोक में डूब गई है। परिजन सदमे में है तो वहीं बलिदानियों के घर -गांव में मातम पसर गया है। इस बीच, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने कड़े शब्दों में कहा कि पांचों जवानों की हत्या का बदला लिया जाएगा और भारत इस हमले के पीछे की बुरी ताकतों को छोड़ेगा नहीं।
आतंकी हमले में कीर्तिनगर ब्लॉक के थाती डागर निवासी राइफलमैन आदर्श नेगी, रुद्रप्रयाग निवासी नायब सूबेदार आनंद सिंह, लैंसडौन निवासी हवलदार कमल सिंह, टिहरी गढ़वाल निवासी नायक विनोद सिंह, रिखणीखाल निवासी राइफलमैन अनुज नेगी बलिदान दिया। खबर के बाद उनके घर में मातम है। पूरे क्षेत्र में यह खबर आग की तरह फैल चुकी है। इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
26 वर्षीय आदर्श 2018 में सेना में भर्ती हुए थे। उनके पिता दलबीर सिंह नेगी गांव में ही खेतीबाड़ी का काम करते हैं। आदर्श की 12वीं तक की पढ़ाई राजकीय इंटर कालेज पिपलीधार से हुई। 2018 में वह गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हो गए। उस दौरान वह गढ़वाल विश्वविद्यालय से बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र थे। आदर्श तीन भाई-बहन में सबसे छोटे थे। सोमवार देर रात उनके बलिदान होने की खबर परिजनों को मिली है।