केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि सरकार की विमानन क्षेत्र में जैवईंधन के उपयोग के लिये विशेष नीति लाने की योजना है। आंशिक रूप से जैव ईंधन पर चलने वाली देश की पहली परीक्षण उड़ान के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही। आज जैवईंधन के उपयोग से एक विमान देहरादून से दिल्ली आया।
इस उड़ान में स्पाइसजेट का बामबार्डियर क्यू400 विमान लगाया गया था। यह देहरादून से 43 मिनट में यहां पहुंचा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि विमानन क्षेत्र में जैव-ईंधन के उपयोग के लिये विशेष नीति लायी जाएगी। गडकरी ने कहा कि इस संदर्भ में मंत्रिमंडल नोट लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैव-ईंधन के उपयोग से तेल आयात बिल में कमी आएगी।
नागर विमानन मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि ग्राहक अनुकूल, सस्ता और पर्यावरण अनुकूल विमानन क्षेत्र के लिये प्रयास जारी हैं। आज की उड़ान में स्पाइस जेट के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने कहा कि यह प्रौद्योगिकी को प्रदर्शित करने के लिये था।