सरकार ने जीएसटी रिटर्न दाखिल करने और टैक्स जमा करने की आखिरी तारीख पांच दिन और बढ़ा कर 25 अगस्त कर दी है। भारी भीड़ के कारण दिन में जीएसटी पोर्टल में आई टेक्निकल दिक्कतों को देखते हुए अंतिम तारीख आगे बढ़ाई गई है।
हालांकि, शाम तक इस खराबी को दूर कर लिया गया। जुलाई के लिए जीएसटी रिटर्न दाखिल करने की आखिरी तारीख पहले 20 अगस्त तय की गई थी। जीएसटीएन के चेयरमैन नवीन कुमार ने बताया कि जबर्दस्त भीड़ के कारण पोर्टल में खराबी आ गई थी, जिसे शाम तक ठीक कर लिया गया। कर जमा करना भी शुरू हो गया।
पढ़ेंः- GST रिटर्न फाइल करने के लिए बचे 10 दिन, सरकार ने जारी की अधिसूचना
वित्त मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया है कि जीएसटी लागू करने वाली कमेटी ने जुलाई, 2017 के लिए जीएसटी रिटर्न दाखिल करने की आखिरी तारीख 20 अगस्त को बढ़ा कर 25 अगस्त कर दी है। बाढ़ से प्रभावित कुछ राज्यों और जम्मू-कश्मीर ने रिटर्न भरने की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की थी।
इसके साथ ही ट्रांस1 फॉर्म भर कर पिछले टैक्स के क्रेडिट का दावा करने वालों के लिए रिटर्न भरने की आखिरी तारीख 28 अगस्त होगी।