केंद्र सरकार ने फिर से प्रसार भारती बोर्ड को गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बता दें कि यहां पिछले 13 महीनों से इसके 13 में से 9 पद खाली थे। सोमवार को चार नए सदस्यों को नामित किया है। इनमें म्यूजिक कंपोजर सलीम मर्चेंट, भाजपा प्रवक्ता शाइना एनसी, दैनिक जागरण के प्रधान संपादक संजय गुप्ता और मीडिया पेशेवर आलोक अग्रवाल शामिल हैं।
आलोक अग्रवाल ने नेटवर्क 18 और जी न्यूज जैसी कंपनियों के साथ काम किया है। इन्हें भी बोर्ड के सदस्य के रूप में नामित किया गया है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार टंडन को भी इस बोर्ड में शामिल किया गया है। बता दें कि टंडन पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के मीडिया सलाहकार थे। वह बोर्ड के एकमात्र पूर्व सदस्य हैं। जिनका कार्यकाल पिछले साल ही समाप्त हुआ था।
वहीं मर्चेंट उन हस्तियों में शामिल थे जिन्हें मई 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया गया था। मालूम हो कि प्रसार भारती सूचना प्रसारण मंत्रालय के तहत एक वैधानिक स्वायत्त बॉडी है जिसे दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो के कामकाज की देखरेख के लिए स्थापित किया गया था।