सरकार ने मुफ्त एलपीजी कनेक्शन हासिल करने की इच्छुक गरीब महिलाओं के लिए आधार बनवाने के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर सितंबर तक कर दी है।
सरकार की ओर से इस साल मार्च में कहा था कि अगर किसी गरीब महिला के पास आधार नहीं है और वह प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत मुफ्त एलपीजी कनेक्शन चाहती है तो उसे आधार के लिए अनिवार्य रूप से 31 मई तक आवेदन करना होगा।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शुक्रवार को गजट नोटिफिकेशन जारी कर आधार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी। सरकार ने पिछले साल अक्तूबर में एलपीजी सब्सिडी के लिए हर किसी के लिए आधार को अनिवार्य कर दिया था।
इस साल मार्च में गरीब परिवार की महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन की सुविधा दी गई थी। सरकार ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की शुरुआत पिछले साल की थी। इसके तहत तीन साल में पांच करोड़ गरीब महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिया जाना है। अब तक 2.6 करोड़ मुफ्त कनेक्शन दिए जा चुके हैं।