सारूडीह चाय, आज ये नाम न तो कोई ब्रांड है और न ही अभी इसकी कोई पहचान है। दरअसल इस नाम की चायपत्ती छत्तीसगढ़ राज्य की उस जमीन पर उगाई जा रही है, जहां चायपत्ती उगाने के लिए बेहद माकूल वातावरण है। लेकिन इससे भी अहम पहलू इस खबर का ये कि महिला स्वयं सहायता समूह के प्रयासों से अस्तित्व में आए इस चाय बागान से निकली पत्तियों की ब्रांडिंग स्वयं सरकार करेगी। अब कुल 20 एकड़ का ये चाय बागान 100 साल तक इन महिलाओं और उनकी पीढि़यों को रोजगार देगा।
जहां इन दिनों पेट्रोल-डीजल के दाम ने आम आदमी की कमर तोड़कर रखी हुई है, तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं, ऐसे में पटना-मोतिहारी-बैतालपुर-अमलेखगंज पाइपलाइन से इस साल के दिसंबर में पेट्रोलियम की सप्लाई शुरू हो जाएगी। जी हां, ये खुशखबर केवल बिहार के लोगों के लिए नहीं बल्कि उत्तर पदेश के लिए भी है, क्योंकि बिहारी मोतिहारी से सटे जिलों के अलावा नेपाल और उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में और जगहों की अपेक्षा डीजल और पेट्रोल सस्ता मिल सकेगा और ये खुशखबरी इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) ने दी है। बहरहाल इस पाइपलाइन के शुरू होने से इन जिलों के लाखों लोगों को नजदीक के टर्मिनल से ही पेट्रोलियम मिलना सुनिश्चित होगा।
एशियन गेम्स से खुशखबरी। जी हां ये खुशखबरी दी है बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने। सेमीफाइनल में सिंधु ने अपनी जापानी प्रतिद्वंद्वी यामागुची को 21-17, 15-21, 21-10 से मात देकर फाइनल में जगह पक्की की। इस जीत के साथ ही बैडमिंटन में भारत का कम से कम एक सिल्वर मेडल तो पक्का हो ही गया है। हालांकि देश को सिंधु से गोल्ड की उम्मीदें हैं। वहीं साइना नेहवाल को एशियन गेम्स के महिला बैडमिंटन में निराशा हाथ लगी और ब्रॉन्ज मेडल ही हासिल कर पाईं। उन्हें सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की ताइ जू यिंग ने सीधे गेम में 21-17 और 21-14 से हार मिली और गोल्ड जीतने का उनका सपना टूट गया।