लंबे समय के बाद इसरो ने रविवार को रात 10 बजे दो विदेशी उपग्रह लांच करने का मिशन पूरा किया। इसरो का ये मिशन पूरी तरह कॉमर्शियल है। चेन्नई से करीब 110 किलोमीटर दूर श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष केंद्र से पीएसएलवी के जरिये दो पृथ्वी अवलोकन सैटेलाइट्स के प्रक्षेपण के लिए 33 घंटे का काउंटडाउन शनिवार को एक बजकर आठ मिनट पर शुरू हुआ। इसरो ने बताया, भरोसेमंद पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल-सी 42 (PSLV) सैटेलाइट नोवासर और एस 1-4 को लेकर गया। इन उपग्रहों का वजन 800 किलोग्राम है। ये विदेशी उपग्रह जंगलों की मैपिंग और बाढ़ और आपदा निगरानी और अन्य कार्यों के लिए हैं। इन्हें 583 किमी की ऊंचाई पर सूर्य की तुल्यकालिक कक्षा में छोड़ा गया। इन्हें सरे सैटेलाइट टेक्नोलॉजीज़ लिमिटेड, ब्रिटेन ने विकसित किया है।
पारिवारिक बिजनेस के मामले में भारत का अच्छा प्रदर्शन
अगली अच्छी खबर फैमिली बिजनेस से जुड़ी है.. जिस मामले में भारत की पॉजिशन आपको खुश कर देगी।दरअसल वैश्विक स्तर पर पारिवारिक बिजनेस के मामले में भारत तीसरे नंबर पर आता है। स्विस इन्वेस्टमेंट बैंक क्रेडिट सुइस ने 'फैमिली 1000' रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।इसके मुताबिक, भारत में ऐसी 111 कंपनियां काम करती है जिनका कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 839 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। इस मामले में नंबर एक पर 159 कंपनियों के साथ चीन का नंबर आता है। वहीं दूसरे नंबर पर 121 कंपनियों के साथ अमेरिका ने अपना स्थान बनाया है।
दिसंबर तक 68 रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, युवाओं के लिए खास सेल्फी प्वांइट बनेंगे
रेलवे बोर्ड ने इस साल दिसंबर तक 68 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प संबंधी एक्शन प्लान पर काम शुरू कर किया है। स्टेशनों पर लिफ्ट, स्वचालित सीढ़ियां, प्रतीक्षालय,वाटर वेंडिंग मशीनें, रेस्त्रां जैसी सुविधाएं मुहैया होंगी। एलईडी रौशनी से नहाए स्टेशन यात्रियों को सुखद एहसास कराएंगे। स्टेशनों पर युवाओं के लिए खास सेल्फी प्वांइट और मीटिंग प्वाइंट भी बनाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि पीपीपी मोड में 600 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास योजना में देरी को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने 68 स्टेशनों की तस्वीर बदलने का फैसला किया है।
टू व्हीलर यूपी-100 पीआरवी लॉन्च, ‘सिर्फ 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचेगी बाइक’
अगली अच्छी खबर उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने दी है उनका दावा है कि है कि किसी भी वारदात की सूचना मिलने के दस मिनट के अंदर पब्लिक रिस्पांस व्हीकल यानी पीआरवी मौके पर पहुंच जाएगी। दरअसल उन्होंने बिसरख में डायल-100 की 88 बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है।इसमें से गौतमबुद्ध नगर जिले को 41 पल्सर बाइक मिलेंगी जबकि 47 मोटरसाइकिलें गाजियाबाद पुलिस को सौंपी जाएंगी। डीजीपी ने कहा कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों की संकरी गलियों में चार पहिया वाहन नहीं पहुंच सकते वहां भी डायल-100 की बाइक दस मिनट में पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि हर सुविधा से लैस बाइक से वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले बदमाशों का पीछा भी किया जा सकेगा।