केजरीवाल ने पणजी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गोवा की राजनीति की सबसे बड़ी समस्या लगातार दलबदल है। इसलिए हम चाहते हैं कि लोग हमारे प्रत्याशियों को वोट दें, इसके पहले हम इससे निपटने के उपाय कर लें।
दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने गोवा विधानसभा चुनाव में अपने सभी 40 प्रत्याशियों को बुधवार को अनूठी कसम दिलाई। गोवा के पार्टी प्रत्याशियों से इस बात के शपथ पत्र भरवाए गए हैं कि वे न तो भ्रष्टाचार में लिप्त होंगे और न ही दलबदल करेंगे।
विज्ञापन
आप के संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पणजी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गोवा की राजनीति की सबसे बड़ी समस्या लगातार दलबदल है। इसलिए हम चाहते हैं कि लोग हमारे प्रत्याशियों को वोट दें, इसके पहले हम इस समस्या से निपटने के उपाय कर लें। प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल के साथ गोवा में आप के सभी 40 प्रत्याशी मौजूद थे।
गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों पर 14 फरवरी को मतदान होने जा रहा है। नतीजे पांच चुनावी राज्यों में 10 मार्च को एक साथ होने वाली मतगणना के बाद आएंगे। केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी के प्रत्याशी इन शपथ पत्रों के जरिए यह वचन दे रहे हैं कि वे विधायक चुने जाने पर अपने कार्यकाल के दौरान किसी भ्रष्ट गतिविधि में शामिल नहीं होंगे और न ही किसी अन्य राजनीतिक दल में दलबदल करेंगे।
विज्ञापन
शपथ पत्र का उल्लंघन किया तो कानूनी कार्रवाई
आप संयोजक केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि ये शपथपत्र इसलिए महत्वपूर्ण हैं कि यदि किसी आप प्रत्याशी ने इन शर्तों का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ विश्वास भंग करने का कानूनी केस किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि हमारे प्रत्याशी इन शपथ पत्रों की फोटोकॉपी गोवा विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के बीच वितरित करेंगे।
केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी गोवा में ईमानदार सरकार देने के प्रति वचनबद्ध है। इसलिए दलबदल की संभावना खत्म करने सबसे महत्वपूर्ण है। दिल्ली के सीएम चार दिनी गोवा दौरे पर हैं। उनकी पार्टी राज्य की सभी 40 सीटों पर मैदान में है। 2017 के गोवा चुनाव में आप एक भी सीट नहीं जीत सकी थी, वहीं कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में उभरने के बाद भी सरकार बनाने से चूक गई थी। वर्तमान में राज्य में भाजपा की प्रमोद सावंत नीत सरकार है।