सार
उत्तर गोवा के नाइटक्लब में हुए अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी सौरभ और गौरव लूथरा की पुलिस हिरासत पांच दिन बढ़ा दी गई है। हादसे के बाद दोनों थाईलैंड भागे थे, लेकिन 17 दिसंबर को भारत प्रत्यर्पित किए गए। अदालत ने जांच के लिए पुलिस को अतिरिक्त समय दिया।
गोवा क्लब अग्निकांड के आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर गोवा में एक नाइटक्लब में बीते दिनों हुए अग्निकांड मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। ऐसे में प्रत्यर्पण के बाद भारत लाए गए इस अग्निकांड के मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की पुलिस हिरासत को बढ़ा दी गई है। यह फैसला गोवा की एक अदालत ने सोमवार को लूथरा बंधुओं की पेशी के दौरान सुनाया। बता दें कि ये दोनों भाई नाइटक्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ के मालिक हैं, जहां 6 दिसंबर को भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी।
हादसे के बाद दोनों आरोपी थाईलैंड भाग गए थे, लेकिन वहां से उन्हें 17 दिसंबर को भारत वापस भेज दिया गया। पीड़ित परिवारों की ओर से पैरवी कर रहे वकील विष्णु जोशी ने बताया कि अदालत ने जांच के लिए पुलिस को और समय दिया है।
ये भी पढ़ें:- कर्नाटक की सियासत में क्या हो रहा है: CM पद पर 'रस्साकशी'... सिद्धारमैया बोले- फैसला कांग्रेस आलाकमान करेगा
अजय गुप्ता को भी न्यायिक हिरासत में भेजा
मामले में अदालत ने क्लब के एक अन्य मालिक अजय गुप्ता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, क्योंकि पुलिस ने उनकी हिरासत बढ़ाने की मांग नहीं की थी। अंजुना पुलिस ने लूथरा भाइयों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
ये भी पढ़ें:- Congress Opposing VB-G Ram G Law: डिप्टी CM शिवकुमार बोले- सरकार ने मनरेगा का गला घोंटा, यह BJP के अंत का आगाज
ब्रिटिश नागरिक घटना के बाद फरार
दूसरी ओर पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी, ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला, घटना के बाद यूनाइटेड किंगडम फरार हो गया है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हादसे के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गोवा अग्निकांड पर एक नजर
गौरतलब है कि ये पूरी घटना तब की है, जब बीते छह दिसंबर की रात, अरपोरा स्थित बिर्च क्लब में अचानक आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 पर्यटक और 20 कर्मचारी की मौत हुई। क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा हैं। गोवा सरकार और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और सभी कानूनी कार्रवाई तेज़ और सख्ती से पूरी की जाएगी।
अन्य वीडियो