गोवा की भाजपा सरकार ने भूमि के इस्तेमाल में बदलाव के 62 प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। इसमें बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर की उत्तरी गोवा स्थित जमीन भी शामिल है। राज्य सरकार के इस फैसले के बाद इन जमीनों पर निर्माण कार्य हो सकेगा। ये जमीनें पहले सिर्फ खेती के लिए आरक्षित थीं।
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीसीपी) मंत्री विजय सरदेसाई ने बताया कि भूमि के इस्तेमाल में बदलाव की सिफारिशों को परिकर सरकार ने मंजूर कर लिया है। इनमें अभिनेता पाटेकर के अलावा गोवा के पर्यटन मंत्री मनोहर अजगांवकर की पत्नी के नाम जमीन को भी मंजूरी दी गई है। हाल में गोवा सरकार ने टाउन एंड कंट्री प्लानिंग अधिनियम की धारा 16-बी में संशोधन किया था।