फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Goa Congress: कांग्रेस पर आया नया संकट, पार्टी ने माइकल लोबो को नेता प्रतिपक्ष पद से हटाया

Mon, 11 Jul 2022 02:17 AM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पणजी

सार

AICC गोवा प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने बताया कि गोवा के नेता प्रतिपक्ष के पद से माइकल लोबो को हटाया गया। नए नेता का चुनाव होगा। देखते हैं कितने लोग रुकेंगे। हमारे पांच विधायक यहां हैं। कई अन्य हमारे संपर्क में हैं।
विज्ञापन
AICC गोवा प्रभारी दिनेश गुंडू राव - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस ने माइकल लोबो को गोवा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) के पद से हटा दिया। पार्टी ने उन पर और पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत पर भाजपा के साथ मिलकर पार्टी के खिलाफ साजिश रचने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस के गोवा डेस्क प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने कहा कि लोबो और कामत के अलावा पार्टी के तीन अन्य विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि 40 विधायकों वाले सदन में कांग्रेस के कुछ विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुकुल वासनिक को गोवा जाने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट करके यह जानकारी दी। 

विज्ञापन


लोबो समेत पांच विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा 
राव ने कहा कि पार्टी के पांच विधायक लोबो, कामत, केदार नाइक, राजेश फलदेसाई और डेलियाला लोबो से संपर्क नहीं हो पा रहा है। पांच अन्य विधायक एल्टन डी कोस्टा, संकल्प अमोनकर, यूरी अलेमाओ, कार्लोस अल्वारेस फरेरा, रुडोल्फ फर्नांडीस हमारे साथ मौजूद हैं। छठे विधायक एलेक्सो सिकेरा पार्टी नेताओं के संपर्क में है और कांग्रेस के साथ हैं।

एआईसीसी गोवा प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने बताया कि हमारे कुछ नेताओं ने बीजेपी के साथ मिलकर यह साजिश रची थी कि गोवा में कांग्रेस पार्टी को कमजोर किया जाए और दलबदल का प्रयास किया जाए। इस साजिश का नेतृत्व हमारे ही दो नेताओं एलओपी माइकल लोबो और दिगंबर कामत ने किया था। ये दोनों लोग बीजेपी के साथ मिलकर काम कर रहे थे। दिगंबर कामत पर कई मामले दर्ज हैं, इसलिए उन्होंने खुद को बचाने के लिए ऐसा किया और माइकल लोबो ने सत्ता और स्थिति के लिए यह कदम उठाया। हम जल्द ही नए नेता का चुनाव करेंगे। इस प्रकार के दलबदल के खिलाफ कानून और पार्टी विरोधी काम के लिए जो भी उचित होगा कार्रवाई की जाएगी। देखते हैं कितने लोग रुकेंगे या चले जाएंगे।
विज्ञापन


दिनेश गुंडू राव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी निराश या कमजोर नहीं होगी। हम इस मुद्दे को और आक्रामक तरीके से उठाएंगे। सत्ता और निजी फायदे के लिए दो लोगों द्वारा किए जा रहे इस विश्वासघात को हम लोगों तक पहुंचाएंगे। 

डिप्टी स्पीकर पद के लिए चुनाव की घोषणा की अधिसूचना रद्द
इससे पहले गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रमेश तावड़कर ने रविवार को डिप्टी स्पीकर पद के लिए चुनाव की घोषणा की अधिसूचना रद्द कर दी। आगामी मानसून विधानसभा सत्र के दौरान 12 जुलाई को मतदान होना था। विधानमंडल सचिव नम्रता उलमान ने कहा कि गोवा विधानसभा के प्रक्रिया और कार्य संचालन के नियमों के नियम 308 के तहत 8 जुलाई को जारी अधिसूचना को वापस लिया जाता है।

आदेश में कहा गया है कि गोवा विधानसभा के प्रक्रिया और कार्य संचालन नियमों के 9 (2) के तहत जारी उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन का नोटिस भी वापस लिया जाता है। सभी माननीय सदस्य इसे नोट करें। उपरोक्त चुनाव के लिए कोई नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा। दो सप्ताह तक चलने वाला विधानसभा सत्र सोमवार से शुरू होगा। यह वापसी उन अफवाहों के बीच हुई है जिसमें दावा किया गया था कि कांग्रेस विधायकों का एक समूह भाजपा में शामिल हो सकता है।

सीएम प्रमोद सावंत ने दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस विधायक और माइकल लोबो की पत्नी दलीला लोबो मुख्यमंत्री और भाजपा नेता प्रमोद सावंत के आवास से निकलीं। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस विधायक उनसे मिलने आए थे, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में कई लोग मुझसे मिलने आते हैं। कल विधानसभा है, लोग मुझसे मिलने आए थे। मैं अपने विधानसभा के काम में व्यस्त हूं। मैं अन्य पार्टियों से जुड़े मुद्दों पर टिप्पणी क्यों करूंगा? सत्तारूढ़ भाजपा के पास वर्तमान में 20 विधायक हैं और उसे पांच अन्य का भी समर्थन है। इस साल फरवरी में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 11 सीटों पर जीत हासिल की थी।

दिग्विजय ने साधा निशाना
दिग्विजय सिंह ने कहा कि देश में भाजपा का लोकतंत्र, संविधान और तिरंगे पर जो गुप्त विचार रहे हैं वो अब उजागर कर रहे हैं। लोकतंत्र को खरीदा जा रहा है। महाराष्ट्र में जो हुआ वो नया नहीं है। 2017 से आज तक चुने हुए लोकतंत्र को पैसे के बल पर खरीदा गया और सरकार बनाई गई। ED, IT और CBI का भय दिखाकर लोगों को डराया गया। करोड़ों का लोभ दिया गया। भाजपा का लोकतंत्र और संविधान में वैसे भी ज्यादा विश्वास नहीं रहा है। ये शपथ लेते समय निष्पक्षता से सरकार चलाने की शपथ लेते हैं लेकिन पूरे तरीके से पक्षपात किया जाता है। दलबदल कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, बहुमत खरीदा जा रहा है। बिना नियम के बूलडोजर चलाए जा रहे हैं। एक व्यक्ति अगर अपराधी है तो कौन से क़ानून में लिखा है कि पूरे परिवार को उसका दंड दें। देश के सांप्रदायिक सद्भाव के माहौल को नफरत के माध्यम से बिगाड़ा जा रहा है।

गोवा के डेस्क प्रभारी दिनेश गुंडू ने दी प्रतिक्रिया
इससे पहले गोवा में कांग्रेस के कई विधायक सत्ता में आने और भाजपा में शामिल होने की अटकलों को खारिज करते हुए गोवा के डेस्क प्रभारी दिनेश गुंडू राव समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने इसे पूरी तरह अफवाह बताया था। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि पणजी के एक होटल में पार्टी के 11 विधायकों के साथ शनिवार की बैठक का अनुमान से कोई लेना-देना नहीं था। यह बैठक सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र से पहले आयोजित की गई थी।

11 में से आठ विधायक नए: अमित पाटकर
वहीं विधायकों की टूट की आशंका पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाटकर ने कहा कि हमारे 11 में से आठ विधायक नए हैं। फ्लोर मैनेजमेंट पर (सदन में) आज बैठक हुई। हमारे वरिष्ठ विधायकों ने नए विधायकों के साथ चर्चा की थी, और मुझे उम्मीद है कि सोमवार से आप देखेंगे कि कांग्रेस इस सरकार के खिलाफ (सदन में) सार्वजनिक मुद्दे उठा रही है, जो विफल रही है।

मैं खुद की पुष्टि कर सकता हूं, किसी और के लिए नहीं कह सकता: एलेक्सो सिक्वेरा 
कांग्रेस विधायक एलेक्सो सिक्वेरा ने कहा कि मुझे आलाकमान ने नहीं बुलाया था, सिर्फ शिष्टाचार मुलाकात के लिए यहां आया था। विधायकों की टूट को लेकर अफवाह पर उन्होंने कहा कि मैं खुद की पुष्टि कर सकता हूं, किसी और के लिए नहीं कह सकता। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें