गोवा कांग्रेस प्रभारी दिनेश गुंडु राव ने कहा कि विजय सरदेसाई (जीएफपी अध्यक्ष) ने दिल्ली में हमारे नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और कांग्रेस के प्रति यह कहते हुए समर्थन व्यक्त किया कि वह हमारे साथ गोवा में सांप्रदायिक और भ्रष्ट भाजपा सरकार को हराने के लिए काम करना चाहते हैं ताकि गोवा में बदलाव लाया जा सके।
कांग्रेस और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) ने शनिवार को अगले वर्ष फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के गोवा प्रभारी दिनेश गुंडु राव ने एक सम्मेलन में बताया कि राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और जीएफपी ने गठबंधन किया है।
विज्ञापन
राव ने कहा कि विजय सरदेसाई (जीएफपी अध्यक्ष) ने दिल्ली में हमारे नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और कांग्रेस के प्रति यह कहते हुए समर्थन व्यक्त किया कि वह हमारे साथ गोवा में सांप्रदायिक और भ्रष्ट भाजपा सरकार को हराने के लिए काम करना चाहते हैं ताकि गोवा में बदलाव लाया जा सके। हम उनके इस कदम का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा, दोनों पार्टियों के बीच गोवा में और संवाद हुआ। जो छोटे-मोटे मुद्दे हमारे बीच थे, उन्हें दूर किया गया और हम नई शुरुआत को देख रहे हैं।
राव ने कहा, जो भी पहले हुआ, वह हो चुका। राजनीति में हमेशा दोस्ती, गठबंधन की संभावना होती है और हमें एक दूसरे पर भरोसा और विश्वास है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा, हम इस चुनाव में साथ जा रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि यह गठबंधन और लोगों को कांग्रेस जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जीएफपी ने भाजपा के साथ सत्ता में भागीदारी की घोषणा की थी। लेकिन जुलाई 2019 में पार्टी अध्यक्ष विजय सरदेसाई सहित तीन विधायकों को राज्य मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने के बाद समर्थन वापस ले लिया था। उस समय सरदेसाई प्रमोद सावंत नीत सरकार में उप मुख्यमंत्री थे।