गोवा में आप को बड़ा झटका लगा है, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमित पालेकर, कार्यवाहक प्रमुख श्रीकृष्ण परब और तीन अन्य पदाधिकारियों ने सोमवार को सामूहिक रूप से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
गोवा में आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमित पालेकर, कार्यवाहक राज्य प्रमुख श्रीकृष्ण परब और तीन अन्य पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा देते हुए पार्टी छोड़ दी। इन सामूहिक इस्तीफों को पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
विज्ञापन
पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमित पालेकर ने एक्स पर लिखा कि मैं आज आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं। यह फैसला मैंने काफी सोच-विचार के बाद और साफ मन से लिया है। पद से अधिक सिद्धांत मायने रखते हैं। सत्ता से अधिक मकसद मायने रखता है। मैं अपने विश्वासों और गोवा के लोगों के साथ खड़ा रहना चाहता हूं। यह सफर जारी रहेगा।
जिला परिषदों चुनावों में पार्टी को मिली करारी हार
पालेकर, श्रीकृष्ण परब और गोवा आम आदमी पार्टी युवा विंग के अध्यक्ष रोहन नाइक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने इस्तीफे की घोषणा की। यह इस्तीफे हाल ही में गोवा में हुए जिला पंचायत चुनावों में आप के खराब प्रदर्शन के कुछ दिन बाद हुए हैं। पिछले महीने के आखिर में जिला परिषदों चुनावों में पार्टी को शर्मनाक हार का सामना करने के बाद पालेकर को गोवा आप प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया था। दिसंबर 20 के चुनावों में पार्टी ने 42 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से उसे सिर्फ एक सीट मिली थी।
गोवा आप के दो उपाध्यक्ष चेतन कामत और सरफराज ने पुष्टि की है कि उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, हालांकि वे न्यूज कॉन्फ्रेंस में मौजूद नहीं थे।पत्रकारों से बात करते हुए पालेकर ने कहा कि उन्होंने अपने समर्थकों से सलाह लेने के बाद पार्टी छोड़ने का फैसला किया।उन्होंने कहा, मेरे फॉलोअर्स चाहते थे कि मेरी राजनीति में स्पष्टता हो। पालेकर ने कहा कि आप के साथ उनका चार साल का सफर खत्म हो गया है और उन्हें कोई पछतावा नहीं है, उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए वह सब किया जो वह कर सकते थे।
पालेकर 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों से पहले आप में शामिल हुए थे और उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया गया था। पार्टी ने 40 सदस्यीय विधानसभा में दो सीटें जीतीं।परब ने कहा कि वह पिछले महीने पालेकर को पद से हटाए जाने के तरीके के प्रति अपनी असहमति दर्ज कराने के लिए इस्तीफा दे रहे हैं।