लोकसभा में भारतीय संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर चर्चा का आज दूसरा दिन है। इस बहस में तमाम पार्टियों के सांसद हिस्सा ले रहे हैं। वहीं इस चर्चा के दौरान पटना साहिब से भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने अपनी बात रखी। लेकिन बहस के बीच में ही कांग्रेस पार्टी की तारीफ कर दी।
'किंग एडवर्ड, क्वीन विक्टोरिया की मूर्तियां हटवाकर अच्छा काम किया'
दरअसल, बहस के दौरान भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, दिल्ली में किंग एडवर्ड और क्वीन विक्टोरिया की मूर्तियां थीं, आपने उन्हें हटवाकर अच्छा काम किया। आपने हटवाया क्योंकि आपको पता था कि यह हमारी विरासत नहीं है। ये गुलामी का प्रतीक था, लेकिन फिर आप वोट बैंक की राजनीति में फंस गए।
यह देश राष्ट्रवाद के विचारों से चलेगा- रविशंकर प्रसाद
रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि, लेकिन आपकी ये सोच राम और कृष्ण जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ के बारे में क्यों नहीं दिखाई दी। आपने ये सब आपने नहीं किया क्योंकि आप वोट बैंक की राजनीति में फंस गए, आप इसमें ऐसे फंसे कि आज आप बिखर गए हैं। उन्होंने इस दौरान कहा कि, आज हम सत्ता में हैं क्योंकि देश की जनता ने हमारे विचारों को स्वीकार किया है। इसके साथ ही देश की जनता ने तय कर लिया है कि यह देश राष्ट्रवाद के विचारों से चलेगा। देश के प्रति समर्पण से भी चलेगा और विकास से भी चलेगा।
'संविधान में अकबर हैं, लेकिन औरंगजेब नहीं'
इस दौरान भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने संविधान दिखाते हुए उसमें बने चित्रों को दिखाते हुए कहा कि संविधान की किताब में लंका विजय के बाद का राम दरबार है। श्रीकृष्ण का महाभारत में अर्जुन को दिया गीता ज्ञान का चित्र है। इसमें बुद्ध हैं, महावीर हैं, झांसी की रानी हैं, अकबर हैं, लेकिन इस संविधान में बाबर और औरंगजेब नहीं हैं।
सोमनाथ मंदिर को लेकर बोले रविशंकर प्रसाद
भाजपा सांसद ने रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा, मैं कृतज्ञ हूं कि सरदार पटेल, राजेंद्र प्रसाद का कि सोमनाथ में मंदिर बन गया। इस देश की आत्मा कभी अपनी विरासत से समझौता नहीं करती।