मुंबई के घाटकोपर में इमारत गिरने से हुए दर्दनाक हादसे में पहली गिरफ्तारी हुई है। मुंबई पुलिस ने अनिल मंडल नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। इस हादसे के चलते आज अनिल की कोर्ट में पेशी होनी है। बता दें कि मुंबई के घाटकोपर इलाके में चार मंजिला इमारत ढह गई थी। इस हादसे में 17 लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग काफी जर्जर हालत में थी और लगातार बारिश होने की वजह से गिर पड़ी। इस मामले में शिवसेना नेता के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की जा चुकी है।
नर्सिंग होम में मरम्मत के चलते हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस समय बिल्डिंग गिरी उस समय नर्सिंग होम में 25 मजदूर काम कर रहे थे। नर्सिंग होम शिवसेना के एक पदाधिकारी का है। सूत्रों के मुताबिक नर्सिंग होम के एक बीम को नुकसान पहुंचाया गया जिसकी वजह से इतनी बड़ी दुर्घटना हुई।
वहीं, बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि इस इमारत का निर्माण साल 1981 में हुआ था लेकिन, उसके बाद इमारत का स्ट्रक्चरल ऑडिट नहीं कराया गया था। इमारत के तल मंजिल पर नर्सिंग होम था जहां मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया था। बीएमसी एन वार्ड की सहायक आयुक्त भाग्यश्री कापसे ने बताया कि नूतनीकरण के लिए बीएमसी की मंजूरी नहीं ली गई थी।