कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल के वायनाड से भी लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। कांग्रेस की सहयोगी पार्टी यूडीएफ के उम्मीदवार केपी सिद्दीकी ने शनिवार को वायनाड सीट से अपना नॉमिनेशन वापस ले लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केरल कांग्रेस के अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामचंद्रन ने भी राहुल गांधी के वायनाड सीट से चुनाव लड़ने का दावा किया है। दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी अमेठी के साथ वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ेंगे।
केरल के अलावा कर्नाटक कांग्रेस ने भी राहुल गांधी से कर्नाटक से चुनाव लड़ने की मांग की थी। दरअसल, पिछले लोकसभा चुनाव में सबसे बुरा प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस का दक्षिण के इस राज्य से किस्मत कनेक्शन रहा है। कांग्रेस को फिर से राजनीति में स्थापित करने में कर्नाटक हमेशा मददगार बना है।
गांधी परिवार को बुरे दौर में राजनीतिक जमीन वापस पाने में इस राज्य ने हमेशा मदद की है। कर्नाटक से जुड़े नेता चाहते हैं कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने जा रहे हैं राहुल भी अमेठी के साथ कर्नाटक की किसी सीट से चुनाव लड़ें।