सेमी हाईस्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस का टिकट आरक्षण बुकिंग से भी प्राप्त किया जा सकता है। अभी तक आनलाइन बुकिंग के बाद ही यात्री इसमें सफर कर रहे थे। आगरा कैंट, राजा की मंडी और आगरा फोर्ट से टिकट प्राप्त किए जा सकते हैं।
सोमवार को निजामुद्दीन से गतिमान एक्सप्रेस 98 मिनट में आगरा कैंट स्टेशन पहुंच गई। गाड़ी में अब एसी चेयरकार में स्थान नहीं है, एग्जीक्यूटिव में भी काफी संख्या में यात्री सफर कर रहे हैं।
दो दिन से लोग बुकिंग विंडो से टिकट खरीद रहे हैं। अभी तक गतिमान एक्सप्रेस के टिकट की आनलाइन बुकिंग की जा रही थी। जो यात्री टिकट की आनलाइन बुकिंग नहीं करा पा रहे थे, उनका टिकट ट्रेन में टीसी बनाकर दे रहे थे।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे बोर्ड ने यात्रियों के लिए ये सुविधा गतिमान एक्सप्रेस के परिचालन के दूसरे दिन ही शुरू करा दी थी। लेकिन पहले दिन पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) में तकनीकी खामी होने के कारण ट्रेन का कोड और दूरी आदि नहीं दर्शाई गई थी। इसके कारण विंडो से टिकट बुकिंग में देरी हुई। पीआरओ भूपिंदर ढिल्लन ने बताया कि गतिमान एक्सप्रेस की करंट बुकिंग की जा रही है।