जवाहर बाग से मिला रॉकेट लॉन्चर था एक गैस गन
- फोटो : अमर उजाला
जवाहर बाग से बीडीएस दस्ते को मिला राकेट लॉन्चर जैसा असलाह दरअसल राकेट लॉन्चर नहीं गैस गन है। एसएसपी बबलू कुमार ने बुधवार को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की। एसएसपी ने बताया कि यह काफी पुराने समय की गैस गन है। जो कि लॉन्चर जैसी प्रतीत हो रही है। कब्जाधारियों के पास यह कैसे पहुंची और इसे किस प्रयोग के लिए यहां लाया गया था। इस बिंदु पर अभी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जवाहर बाग में हिंसा की विभिन्न स्तरों पर जांच चल रही है।
इनमें शासन स्तर से न्यायिक जांच का आदेश दिया गया है। जबकि स्थानीय स्तर पर एसपी क्राइम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच भी अपनी तरफ से जांच कर रही है। ताकि कई स्तर पर साक्ष्य जुटाए जा सकें और दोषियों पर कार्रवाई हो सके। साइबर सेल भी इस काम में जुटी है कि कब्जाधारियों ने किस-किस व्यक्ति से बात की जाती थी। इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जवाहर बाग कांड में अब तक लगभग 236 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।