कर्नाटक में गैंगस्टर के बेटे को गोली मारी गई
- फोटो : एक्स@ani
कर्नाटक के रामनगर जिले के बिदादी इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दिवंगत अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय के बेटे रिकी राय पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे की है, जब रिकी राय अपनी कार से बिदादी से बेंगलुरु जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोगों ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली कार को लगी और ड्राइवर की सीट के पास से निकल गई, जिससे ड्राइवर और पीछे बैठे रिकी राय दोनों घायल हो गए। गोली चलने के समय रिकी अपने गनमैन के साथ पीछे की सीट पर थे।
मामले में रामनगर के एसपी श्रीनिवास गौड़ा ने बताया कि रिकी राय को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए बेंगलुरु के अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि हमलावर कौन थे और हमले की वजह क्या थी, इस पर अभी जांच चल रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी गई है।
ये भी पढ़ें:- Maharashtra: 'मराठी भाषा को नुकसान हुआ तो बर्दाश्त नहीं करेंगे', नई शिक्षा नीति को लेकर बोलीं सुप्रिया सुले
रिकी राय पर हुए हमले पर बोले कर्नाटक के गृह मंत्री
वहीं इस गोलीबारी मामले में कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि रिकी राय को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और उनका इलाज बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने कहा कि हमले की वजह अभी साफ नहीं है और इस पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित पुलिस अधिकारी को आगे की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है। हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
खतरे से बाहर है रिकी
बता दें कि घटना के तुरंत बाद रिकी को पहले बिदादी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया है कि रिकी की नाक और हाथ में चोटें आई हैं, लेकिन वह अब खतरे से बाहर हैं।
ये भी पढ़ें:- दक्षिण रेलवे की नई पहल: चेन्नई में शुरू हुई पहली AC लोकल ट्रेन, जानें यात्री कहां से कहां तक कर सकेंगे यात्रा
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस बीच पुलिस ने रिकी के ड्राइवर की शिकायत के आधार पर मुथप्पा राय की दूसरी पत्नी अनुराधा, एक व्यवसायी राकेश मल्ली (जो पहले मुथप्पा का करीबी था) और निकेतन ट्रस्ट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। साथ ही पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कई टीमों का गठन कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। अब तक हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन मामले की गहराई से जांच चल रही है।