लाल बहादुर शास्त्री को कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने विजय घाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शास्त्री जी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को याद किया।
इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों व केंद्रीय मंत्रियों ने भी श्रद्धांजलि दी है। राजनाथ ने कहा कि जनमानस में सम्मानित शास्त्री जी का जीवन सादगी और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए 'एक्स' पर पोस्ट किया, "ईमानदारी, उच्च आदर्शों, उदात्त निष्ठा और असाधारण कर्तव्यबोध के लिए जनमानस में सम्मानित शास्त्री जी का जीवन सादगी और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण था। स्वभाव से विनम्र शास्त्री जी के व्यक्तित्व में अद्भुत साहस और अदम्य आत्मबल था। 'जय जवान, जय किसान' का उनका मंत्र आज भी भारत की सुरक्षा, कृषि और राष्ट्रनिर्माण के प्रति हमारे संकल्प को प्रेरणा देता है।"
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, "भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, 'जय जवान, जय किसान' के प्रणेता व सादगी और दृढ़ संकल्प की प्रतिमूर्ति श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण, विषम परिस्थितियों में उनका अडिग नेतृत्व और देशवासियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता सदैव प्रेरणा देती रहेगी।"
आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा, "'गुदड़ी के लाल' शास्त्री जी के 'जय जवान, जय किसान' के नारे ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश के जवानों और किसानों में एक नई ऊर्जा का संचार किया। सादगी, ईमानदारी और त्याग के प्रतीक शास्त्री जी को देश के विकास में उनके अद्वितीय योगदान के लिए सदैव स्मरण किया जाएगा।"
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे समेत कई विपक्षी नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रतीक, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जीवन भारत के लिए समर्पण की अद्भुत मिसाल है।"
उन्होंने लिखा, "भूमि सुधारों से लेकर हरित और दुग्ध क्रांति की नींव मजबूत करने तक, रेलवे में तीसरी श्रेणी समाप्त करने से लेकर बसों में महिलाओं के लिए सीटों की व्यवस्था तक और 1965 के युद्ध में देश को दृढ़ नेतृत्व देने तक, राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है। गांधीवादी मूल्यों और उच्च विचारों से परिपूर्ण उनका सरल जीवन हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।"
समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी पूर्व प्रधानमंत्री और 'भारत रत्न' लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया है। एनसीपी-एसपी के प्रमुख शरद पवार ने 'एक्स' पर लिखा, "सादगी, कर्तव्य-निष्ठा और राष्ट्र-सेवा को अपने सार्वजनिक जीवन का आधार बनाने वाले और संकट के समय साहसी निर्णय लेकर देश के नेतृत्व को एक नई दिशा देने वाले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।"
एनसीपी-एसपी की सांसद सुप्रिया सुले ने भी लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आज 'जय जवान-जय किसान' नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। उन्हें एक आम आदमी के कर्तव्य-बोध और असीम देशभक्ति की मिसाल के तौर पर सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उनकी जयंती के अवसर पर विनम्र श्रद्धांजलि।" पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने भी लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।