केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को समाज में बदलाव लाने में मीडिया की भूमिका की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव लाना हर किसी की जिम्मेदारी है और इसमें मीडिया और अखबार भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया को न केवल गलत चीजों की निंदा करनी चाहिए, बल्कि अच्छे कामों की भी सराहना करनी चाहिए।
बता दें कि आज नितिन गडकरी एक मीडिया कार्यक्रम में बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से अपील की कि अगर उन्हें उनके मंत्रालय में कोई गलत काम दिखे तो उसे कड़ी तरीके से उजागर किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सम्मान और पहचान केवल आपके व्यक्तित्व से नहीं, बल्कि आपके चरित्र और गुणों से मिलती है। आजकल अच्छा काम करने के बाद भी कोई उसे नहीं पूछता, जबकि गलत खबरें प्रमुखता से दिखाई जाती हैं।