बच्चों को कार्यक्रम से जोड़ा
जी20 का कार्यक्रम केवल सरकारी कार्यक्रम बनकर न रह जाए और इसके साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जा सके, इसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं। दिल्ली के स्कूलों में अभी से पेंटिंग प्रतियोगिता और बच्चों के बीच बहस के कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को यह बताने की कोशिश हो रही है कि जी-20 क्या है और इसके आयोजन से देश-दुनिया को क्या लाभ मिलेगा। बच्चों के बीच प्रतियोगिता से उनके बीच जी-20 की उपयोगिता को लेकर काफी जागरूकता आई है।
स्थानीय नागरिकों को भी जोड़ने का प्रयास
एनडीएमसी एरिया में आने वाले रिहायशी इलाकों में कार्यक्रम से लोगों की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों की मदद ली जा रही है। इनके माध्यम से कार्यक्रम के दिनों में लोगों को किस प्रकार सहयोग करना है, इसके लिए उन्हें मानसिक रूप से तैयार किया जा रहा है। इस दौरान कार्यक्रम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, उन्हें आवश्यकता की सभी वस्तुओं की आपूर्ति होती रहे, इसके लिए आरडब्ल्यूए से मिलकर विकल्प तैयार कर लिया गया है।
विशेष इलाकों में सबसे ज्यादा तैयारी
जी-20 कार्यक्रम में आने वाले मेहमान लाल किला, राजघाट और कुछ अन्य स्थानों पर जाने का कार्यक्रम बना सकते हैं। इसे देखते हुए इन ऐतिहासिक स्मारकों के आसपास की एरिया को विकसित किया जा रहा है। मेहमानों के सामने दिल्ली की विशेष छवि पेश करने की तैयारी है, इसके लिए सुविधाओं की उपलब्धता से लेकर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हर स्थान को खूबसूरत बनाने पर जोर
दिल्ली भाजपा के पूर्व महामंत्री कुलजीत चहल ने अमर उजाला को बताया कि एनडीएमसी एरिया में हर स्थान को पूरी तरह साफ-सुथरा बनाने के लिए काम किया जा रहा है। स्वच्छता विभाग के विशेष अधिकारियों की तैनाती कर हर स्थान को साफ-सुथरा बनाने का काम किया जा रहा है। नागरिकों-बच्चों को जी-20 के कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए लोगों से बातचीत की जा रही है और स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं।