महाराष्ट्र की विशेष अदालत ने कहा, कैदी के कपड़े उतरवाकर तलाशी लेना उसके निजता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है। अदालत ने मुंबई की एक जेल के अधिकारियों को तलाशी लेने के बजाय स्कैनर और गैजेट का इस्तेमाल करने का आदेश दिया। महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत विशेष न्यायाधीश बीडी शेल्के ने 1993 विस्फोट मामले के आरोपी अहमद कमल शेख की शिकायत पर 10 अप्रैल को आदेश पारित किया था।
देश की बायो अर्थव्यवस्था 2030 तक होगी 300 अरब डॉलर की
भारत तेजी से बढ़ते बायोटेक स्टार्टअप के साथ दुनिया की प्रमुख जैव-अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। इस आधार पर बायो अर्थव्यवस्था 2030 तक 300 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है। एशियन लाइट इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, कोविड-19 का सफलतापूर्वक मुकाबला करने और दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान चलाने की क्षमता से जैव-अर्थव्यवस्था में अत्याधुनिक विकास हुआ है।
केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने हाल ही में बायो-मैन्युफैक्चरिंग पर मसौदा नीति फ्रेमवर्क बनाने की एक बैठक में कहा कि सरकार देश में उच्च प्रदर्शन वाली जैव विनिर्माण के जरिये सर्कुलर-बायो इकनॉमी को सक्षम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
गुजरात : ठग किरण पटेल पर धोखाधड़ी का नया मामला दर्ज
प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बनकर एक व्यवसायी से 3.5 लाख रुपये खर्च कराने के आरोप में ठग किरण पटेल पर शनिवार को एक और मामला दर्ज किया गया। ताजा मामला शहर की अपराध शाखा ने अहमदाबाद के एक इवेंट मैनेजमेंट फर्म के मालिक किशोर चंदराना की शिकायत पर दर्ज किया है। पटेल ने चंदराना से जी-20 शिखर सम्मेलन के बैनर तले अहमदाबाद के होटल में एक कार्यक्रम आयोजित करने और हवाई यात्रा व होटल में ठहरने के भुगतान के नाम पर 3.5 लाख खर्च करवाए।
रिश्वत के मामले में डाक विभाग का सहायक अभियंता गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने ओडिशा के संबलपुर में डाक विभाग के सहायक अभियंता सुभाशीष पाल को गिरफ्तार कर लिया। पाल पर एक ठेकेदार को 3.77 लाख रुपये के शेष भुगतान को जारी करने के लिए 1.22 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। वह पोस्टल सिविल सब डिवीजन, संबलपुर में तैनात है। मामले में एक ठेकेदार देबेंद्र कुमार पुहान को भी गिरफ्तार किया गया। अभियंता ने वार्षिक रखरखाव अनुबंध के तहत रिश्वत की मांग की थी।
सेव टाइगर की तर्ज पर महाराष्ट्र में होगा हाथी संवर्धन
सेव टाइगर (बाघ) योजना की तर्ज पर महाराष्ट्र में हाथियों का संवर्धन और संरक्षण करने के लिए नई परियोजना शुरू करने की बात चल रही है। इसके लिए देश के उद्योग जगत से कॉर्पोरेट समाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) से आर्थिक सहयोग लिया जाएगा।
राज्य के वनमंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने इस संबंध में शनिवार को वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। वन मंत्री मुनगंटीवार ने कहा, हाथियों को गांव में आने से रोकने के लिए विशेष बाड़ (एपीएफ) लगाई जाएंगी। वन्य प्राणियों, विशेषकर हाथियों को गांव और खेतों तक आने से रोकने के लिए हाथी संवादकों की मदद ली जाएगी।