जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान से जोड़कर कई बार विवादति बयान देने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह डंके की चोट पर आतंकवाद, पत्थरबाज और अलगाववाद के सफाए की बात कह चुके हैं। पीडीपी और विपक्ष पर हमला बोलते हुए गिरिराज ने कहा था कि जो पाकिस्तान से मिलकर साजिश करेगा उसकी खैर नहीं है, चाहे वह अलगाववादी हो या पत्थरबाज।
वहीं हाल ही में उत्तर प्रदेश के कैराना उपचुनाव में भाजपा नेता मनोज कश्यप ने कहा था कि 'चुनाव में भाजपा को जीत दिलवाइए, ताकि पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के अलावा मोदी विरोधी देश के अन्य हिस्सों में दीवाली जैसा त्योहार न मने। उन्होंने आगे कहा 'भाजपा की हार के बाद पाकिस्तान, जम्मू-कश्मीर और मोदी विरोधी कैंप में दीवाली होगी तो आप निश्चित रूप से रोएंगे।'
यूपी के बलिया के बैरिया विधानसभा से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने बीते दिनों एक उपवास कार्यक्रम के दौरान कहा था कि इस बार 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव इस्लाम बनाम भगवान और हिंदुस्तान बनाम पाकिस्तान होंगे।
भाजपा नेता विनय कटियार ने हाल ही में कहा था कि, 'मुसलमान को तो इस देश में रहना नहीं चाहिए। उन्होंने तो जनसंख्या के आधार पर देश का बंटवारा कर लिया, तो यहां इस देश के अंदर रहने की क्या आवश्यकता थी। जब उनकों अलग भू-भाग दे दिया गया, तो बांग्लादेश या पाकिस्तान जाएं, यहां अब उनका क्या काम।"
कटियार ने यह टिप्पणी हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी द्वारा संसद में एक सवाल पर दी थी। उन्होंने पूछा था कि '70 साल बाद भी हमें पाकिस्तानी क्यों कहा जाता है? मैंने तो जिन्ना के पैगाम को ठुकराया था। और अब तो हम तिरंगा भी नहीं लहरा सकते।'