फ्रेंडशिप डे पर भारत स्थित इस्राइली दूतावास ने बेंजामिन नेतन्याहू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो ट्वीट किया है। ट्वीट में इस्राइली दूतावास ने लिखा कि मित्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भारत।
हमारी दोस्ती और मजबूत बनाने के लिए और अधिक ऊंचाइयों को छूने के लिए।
ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे...।
पीएम मोदी ने दिया हिब्रू में जवाब
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस्राइल इन इंडिया के इस ट्वीट का जवाब हिब्रू भाषा में दिया। उन्होंने लिखा, 'धन्यवाद और इस्राइल के शानदार नागरिकों और मेरे अच्छे मित्र बेंजामिन नेतन्याहू को को मित्रता दिवस की शुभकामनाएं। समय के साथ भारत और इस्राइल ने समय के साथ अपनी मित्रता को और मजबूत किया है। हमारे संबंध मजबूत और सदैव चलने वाले हैं।'
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और पीएम मोदी की दोस्ती जगजाहिर है। लोकसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद नेतन्याहू ने पीएम मोदी को सबसे पहले बधाई दी थी। उन्होंने भारत के साथ दोस्ती को और मजबूत करने का वादा भी किया था।
पीएम मोदी जब जुलाई 2017 में इस्राइल यात्रा पर गए तो नेतन्याहू खुद उन्हें रिसीव करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। मोदी भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने जिन्होंने इस्राइल की यात्रा की। इस दौरान नेतन्याहू ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए हिंदी में कहा था कि 'आपका स्वागत है मेरे दोस्त'। उनके इस कथन को लेकर खूब चर्चा भी हुई थी।