पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए छिटपुट हिंसा के बीच सोमवार को मतदान पूर्ण हुआ। उत्तर 24-परगना व हावड़ा जिलों की 49 सीटों पर 80 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े। वोटिंग के बीच फर्जी वोटिंग व बूथ जाम करने के आरोप में 250 से भी ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि चुनाव आयोग ने मतदान शांतिपूर्ण होने की बात कही है।
वोटिंग के दौरान माकपा ने तृणमूल कांग्रेस के कथित गुंडों पर पूरे इलाके में आतंक फैलाने का आरोप लगाया। चुनाव आयोग ने हावड़ा उत्तर सीट पर भाजपा उम्मीदवार अभिनेत्री रूपा गांगुली की गतिविधियों पर जिला शासक से रिपोर्ट मांगी है।
गांगुली ने एक पीठासीन अधिकारी पर पक्षपात का आरोप लगाया और तृणमूल कांग्रेस के एक चुनावी एजेंट के साथ उनकी कहासुनी भी हुई। इस दौर में ममता बनर्जी सरकार के कम से कम आधा दर्जन मंत्रियों के अलावा शारदा चिटफंड घोटाले के सिलसिले में जेल में बंद पूर्व परिवहन मंत्री मदन मित्रा की किस्मत दांव पर है।
इस दौर के दूसरे प्रमुख उम्मीदवारों में स्वर्गीय जगमोहन डालमिया की पुत्री वैशाली डालमिया और पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला शामिल थे। पहले के तीन चरणों की तरह इस चरण में चुनावों को लेकर आम मतदाताओं में भारी उत्साह रहा।
लोग तेज धूप और गर्मी की परवाह किए बिना सुबह से ही मतदान केंद्रों तक पहुंचने लगे थे। पिछले दौर में हुई हिंसा को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग ने इस बार सुरक्षा का विशेष इंतजाम किया था। इस दौरान विभिन्न इलाकों में 90 हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया था। चौथे चरण की इन सीटों के लिए 40 महिलाओं समेत कुल 35 उम्मीदवार मैदान में थे।