हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव दरियापुर कटरा में टॉफी में जहर से दम तोड़ने वाले चार वर्षीय नकुल का शव जल्द ही पोस्टमार्टम के लिए कब्र से बाहर निकाला जा सकता है। नकुल की हत्या का सुराग जुटाने के लिए पुलिस को शव का पोस्टमार्टम कराना है। हाथरस जंक्शन पुलिस ने इस मामले में अलीगढ़ के डीएम से अनुमति मांगी है। बता दें कि अलीगढ़ की सासनी गेट कोतवाली में साकेत बिहार कॉलोनी निवासी संजू दो जुलाई को बीमार दादी को देखने हाथरस जंक्शन क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव दरियापुर कटरा गए थे। यहां उनकी पड़ोसी अंशू से कहासुनी हो गई थी।
आरोप है कि अंशू ने तीन जुलाई को संजू के दोनों बच्चों को टॉफी में जहर दे दिया। हालत बिगड़ने पर संजू ने दोनों बच्चों को अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया था। यहां उपचार के दौरान नकुल की मौत हो गई थी, जबकि उसके बड़े भाई हर्ष (7) का उपचार आईसीयू में चल रहा है। तीन जुलाई को परिजनों ने नकुल का शव सासनी गेट इलाके में हीरा सिंह मरघट में दफना दिया था।
अब आरोपी पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराना है। हाथरस जंक्शन पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकालने के लिए अलीगढ़ के डीएम से अनुमति मांगी है। डीएम के आदेश पर शव को शुक्रवार को कब्र से बाहर निकाला जा सकता है। वहीं हालत में सुधार होने पर हर्ष के बयान भी पुलिस दर्ज करेगी।
आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। नकुल के शव को पोस्टमार्टम के लिए जल्द कब्र से बाहर निकाला जाएगा। इसके लिए अलीगढ़ के डीएम से अनुमति मांगी गई है।
घुले सुशील, एसपी हाथरस।