गुजरात के मोरबी जिले में एक राजमार्ग पर दो भारी वाहनों और एक कार की टक्कर में दो बच्चों समेत चार लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यह दुर्घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे हरिपर गांव के पास एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए राजकोट भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
कंटेनर गलत दिशा से सड़क पर आया और पलट गया
पुलिस अधीक्षक राहुल त्रिपाठी ने बताया कि एक कंटेनर गलत दिशा से सड़क पर आया और पलट गया। इसके बाद एक ट्रक और कार की इससे टक्कर हो गई और कार में आग लग गई।
स्कूल के छात्र कच्छ जिले में अपने गृह नगर जा रहे थे
उन्होंने कहा, 'प्रथम दृष्टया बगल में चल रहे एक ट्रक से टकराने के बाद एक कार में भीषण आग लग गई। टक्कर में ट्रक में भी आग लग गई। चार लोगों की जलने से मौत हो गई। मृतकों में कार में सवार दो छात्र और ट्रक में सवार दो लोग शामिल हैं।' त्रिपाठी ने कहा, 'जूनागढ़ के एक आवासीय स्कूल के छात्र कच्छ जिले में अपने गृह नगर जा रहे थे।'
सात अन्य लोग मामूली रूप से घायल
मोरबी अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया, 'सात अन्य लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं और उन्हें अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने बचा लिया और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।' मालिय मियाना पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों में कार सवार रुद्र गुजरिया (15), जामिन बाबरिया (17) और राजस्थान के बीकानेर निवासी शिवराम नाई शामिल हैं, जबकि एक अन्य पीड़ित की पहचान अभी नहीं हो पाई है।