परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (NSG) में शामिल होने के भारत के सपने को एक नई उम्मीद मिल सकती है। भारत की एनएसजी में एंट्री को लेकर आगामी 11-12 नवंबर को वियना में एक अहम बैठक होनी है। इस बैठक के लिए परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह द्वारा राफेल ग्रॉसी को विशेष दूत के तौर पर नियुक्त किया गया है।
माना जा रहा है कि वियना में होने वाली एनएसजी सलाहकारों की बैठक में ग्रॉसी गैर एनपीटी सदस्यों को एनएसजी में शामिल करने के लिए दो चरण की प्रक्रिया का प्रस्ताव रख सकते हैं। इससे पहले जून में भारत ने NSG में शामिल होने की कोशिश की थी लेकिन, चीन ने यह कहते हुए अड़ंगा लगा दिया था कि एनएसजी एक देश को अपना सदस्य बनाने के लिए नियमों में बदलाव नहीं कर सकता।