जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष और देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा एलान किया है। उन्होंने साफ किया है कि वह अपनी उम्र को देखते हुए आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि वे चुनाव में उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मैं चुनाव नहीं लड़ रहा हूं। मैं अब 90 साल का हो गया हूं। हमें जो भी सीटें मिलेंगी और जहां भी जरूरी होगा, मैं वहां जाऊंगा। मेरे पास बोलने की ताकत है और स्मरण शक्ति है। इसके साथ मैं प्रचार करूंगा।
पीएम मोदी की इस कारण की तारीफ
इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर के गर्भगृह में भगवान राम की मूर्ति की स्थापना से पहले 11 दिनों में यम-नियम के पालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने बहुत सारे पुण्य किए हैं, यही वजह है कि वह राम मंदिर का अभिषेक पूरी निष्ठा और आध्यात्मिक अनुशासन के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि वह 22 जनवरी को पत्नी चेन्नम्मा के साथ अभिषेक में शामिल होंगे।
कर्नाटक में मिलकर लड़ेंगे चुनाव
पूर्व मुख्यमंत्री और देवेगौड़ा के बेटे कुमारस्वामी की नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद जद (एस) पिछले साल सितंबर में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में शामिल हो गई थी। दोनों पार्टियों ने कहा है कि वे कर्नाटक में आगामी लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।