कांग्रेस के पूर्व सांसद कुमार केतकर का दावा है कि CIA और मोसाद ने 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार की साजिश रची थी। उनका आरोप है कि विदेशी एजेंसियों ने भारत में राजनीतिक नतीजों को प्रभावित किया।
संविधान दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद कुमार केतकर ने चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के पीछे अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए और इस्राइली खुफिया एजेंसी मोसाद की साजिश थी।
विज्ञापन
केतकर ने दावा किया कि 2004 में कांग्रेस को 145 सीटें मिली थीं, जबकि 2009 में यह संख्या बढ़कर 206 हो गई। उन्होंने कहा अगर यह रुझान जारी रहता, तो कांग्रेस 2014 में 250 सीटें जीत सकती थी।
'सीआईए और मोसाद ने रणनीति बनाई'
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए केतकर ने कहा कुछ अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने तय किया था कि किसी भी हाल में कांग्रेस को 206 सीटों से ज्यादा नहीं मिलने दी जाए। सीआईए और मोसाद ने डेटा इकट्ठा किया, रणनीति बनाई और ऐसा माहौल बनाया कि कांग्रेस सत्ता में न लौट सके। केतकर के मुताबिक, इन एजेंसियों को डर था कि यदि यूपीए दोबारा स्थिर सरकार बनाती, तो भारत की नीतियों पर उनका प्रभाव सीमित हो जाता और वे अपनी इच्छानुसार हस्तक्षेप नहीं कर पाते।
नाराजगी हार के इतने बड़े अंतर की वजह नहीं थी-पूर्व सांसद
केतकर ने कहा कि 2014 में जनता में मनमोहन सिंह सरकार के प्रति असंतोष जरूर था, लेकिन कांग्रेस की सीटें 206 से गिरकर सिर्फ 44 हो जाना जनता का स्वाभाविक जनादेश नहीं था। उन्होंने कहा कि यह हार कांग्रेस के खिलाफ बनाई गई एक सुनियोजित रणनीति का नतीजा थी, न कि केवल मतदाताओं की नाराजगी का। केतकर ने यह भी कहा कि ब्रिटिश शासन के अंतिम वर्षों में भी यह इच्छा थी कि भारत में बाल्कनाइजेशन (खंडन) की स्थिति बने और देश राजनीतिक रूप से कमजोर रहे।