एयरलाइन इंडिगो एक बार फिर चर्चाओं में आ गई है। इस बार भी कंपनी अपनी खराब सेवा के चलते विवादों में है। दरअसल, इस बार इंफोसिस के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) और अर्थशास्त्री मोहनदास पई ने इंडिगो की आलोचना की। उन्होंने कंपनी की तीखी आलोचना करते हुए इंडिगो एयरलाइंस पर यात्रियों के साथ कथित तौर पर खराब व्यवहार करने का आरोप लगाया।
पई ने फ्लाइट 6E 7407 में अपने खराब अनुभव को सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किया। उन्होंने बताया कि यात्रियों को कथित तौर पर बंगलूरू में टरमैक पर इंतजार करते समय बिना एयर कंडीशनिंग के छोड़ दिया गया था।
अपने यात्रियों के साथ कर रही बुरा व्यवहार: पई
पूर्व सीएफओ ने कहा, 'इंडिगो अपने यात्रियों के साथ बुरा व्यवहार करती है। बंगलूरू में गर्म टरमैक (Tarmac) पर बिना एसी के 6E 7407 फ्लाइट में बैठे थे। यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया गया। जब यात्रियों ने विरोध किया तब जाकर कर्मचारियों ने एसी चलाई। कृपया अपना प्रोटोकॉल बदलें।'
उन्होंने एयरलाइन से अपने प्रोटोकॉल का पुनर्मूल्यांकन करने का भी आग्रह किया है।
क्या होता है टरमैक?
हवाई अड्डे पर टरमैक का मतलब हार्ड सरफेस एरिया से है। हवाई जहाज जब पार्किंग बे में खड़ा हो एप्रन पर हो या टैक्सीवे पर हो या रनवे पर हो। सबकुछ टरमैक ही कहलाता है। गर्मी के दिनों में टरमैक पर तापमान सामान्य से ज्यादा होता है क्योंकि वहां फर्श पूरी तरह से सीमेंट का बना होता है।
इंडिगो ने दिया ये जवाब
इंडिगो एयरलाइंस ने पई की शिकायत का जवाब देते हुए आश्वासन दिया कि ग्राहक की आरामदायक यात्रा को प्राथमिकता दी जाएगी। एयरलाइंस ने कहा, 'सर, हमारी एयरपोर्ट टीम से मिलने के लिए समय निकालने के लिए आपका धन्यवाद। इंडिगो में ग्राहक की आरामदायक यात्रा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम आपके फीडबैक को संबंधित टीम के पास भेजेंगे और आवश्यक समीक्षा करेंगे। हम आपकी सहनशीलता और समझ की सराहना करते हैं।'
सोशल मीडिया पर भड़के लोग
पई के ट्वीट ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें एक वरिष्ठ मानव संसाधन कार्यकारी डी प्रशांत नायर भी शामिल थे, जिन्होंने लागत-बचत उपायों के कारण सहायक विद्युत इकाई (APU) को सक्रिय करने में इंडिगो की अनिच्छा की आलोचना की। नायर ने इस तरह की प्रथाओं के कारण होने वाले संभावित स्वास्थ्य जोखिमों पर प्रकाश डालते हुए टिप्पणी की कि बुजुर्ग और बच्चे गंभीर रूप से प्रभावित हो सकते हैं।
एक अन्य ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी की, 'मुझे एयरलाइंस बहुत पसंद है। उनके एसी तापमान के उतार-चढ़ाव को सहने की मेरी क्षमता को बढ़ाता है। उम्मीद है कि वे इसके लिए जल्दी कोई शुल्क भी वसूलेंगे।'
एक और उपयोगकर्ता ने लिखा, 'इंडिगो को लंबी देरी के मामले में DGCA नियमों के तहत यात्रियों को ठहरने, भोजन और पानी की व्यवस्था करनी चाहिए।'