फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्व सीजेआई की आत्मकथा: गरीबी से सुप्रीम कोर्ट तक कैसे पहुंचे, किताब में युवाओं और छात्रों के लिए क्या सीख?

Sat, 21 Nov 2026 03:25 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश शिवराज वी. पाटिल की आत्मकथा ‘समय, संकल्प और सफर’ का हिंदी संस्करण पूर्व मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित और संजीव खन्ना ने जारी किया। इसमें उनके संघर्ष और न्यायिक सफर का जिक्र है। किसान के बेटे से सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बनने तक का उनका सफर कैसा रहा? उनके फैसलों की आज भी चर्चा क्यों होती है? इस किताब में युवाओं के लिए क्या संदेश है? आइए, विस्तार से इस किताब के बारे में जानते हैं...

विज्ञापन
किसने किया आत्मकथा के हिंदी संस्करण का विमोचन? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्व मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित और संजीव खन्ना ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश शिवराज वी. पाटिल की आत्मकथा के हिंदी संस्करण का विमोचन किया। इस पुस्तक का नाम ‘समय, संकल्प और सफर’ है। यह आत्मकथा केवल एक न्यायाधीश के पेशेवर जीवन की कहानी नहीं है, बल्कि संघर्ष, गरीबी और मेहनत के दम पर ऊंचाई तक पहुंचने का सफर भी बताती है। 86 वर्षीय पूर्व न्यायाधीश ने कहा कि उन्होंने गरीबी को करीब से जिया है। उनके पिता किसान थे और एक समय उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि वह अपनी आत्मकथा लिखेंगे। इस मौके पर उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके जीवन के अनुभव युवाओं, कानून के विद्यार्थियों और दूसरे लोगों को मुश्किल परिस्थितियों से लड़ने की प्रेरणा देंगे।
विज्ञापन


किसने किया आत्मकथा के हिंदी संस्करण का विमोचन और क्या है इसका नाम?
पूर्व मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित और संजीव खन्ना ने नई दिल्ली में पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश शिवराज वी. पाटिल की आत्मकथा के हिंदी संस्करण को जारी किया। पुस्तक का नाम ‘समय, संकल्प और सफर’ रखा गया है। इसका हिंदी अनुवाद सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस दिनेश माहेश्वरी ने किया है। इस आत्मकथा का मूल संस्करण पहले कन्नड़ और अंग्रेजी में प्रकाशित हो चुका है। इसके बाद इसका तमिल भाषा में भी अनुवाद किया गया। अब हिंदी संस्करण के आने से लेखक के जीवन के अनुभव हिंदी पढ़ने वाले पाठकों तक भी पहुंच सकेंगे। विमोचन कार्यक्रम में पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश पंकज मित्तल भी मौजूद रहे। उन्होंने इस पुस्तक की प्रस्तावना लिखी है।

पूर्व जज शिवराज पाटिल ने अपनी जिंदगी के संघर्ष के बारे में क्या बताया?
86 वर्षीय जस्टिस शिवराज वी. पाटिल ने पुस्तक के विमोचन के दौरान अपने जीवन के संघर्षों को याद किया। उन्होंने कहा कि उनका सफर भावनात्मक है और वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें अपने अनुभव लोगों के साथ साझा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उन्होंने गरीबी को केवल किताबों में नहीं पढ़ा, बल्कि उसे खुद झेला है। उनके पिता किसान थे और परिवार की परिस्थितियों के बीच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बनने तक का उनका सफर आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि कभी कल्पना भी नहीं की थी कि एक दिन वह अपनी आत्मकथा लिखेंगे। उनके मुताबिक, जीवन में आने वाली कठिनाइयों और उनसे लड़ने के अनुभव युवाओं तथा कानून के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
विज्ञापन


यूयू ललित ने जस्टिस पाटिल के फैसलों को लेकर क्या कहा?
पूर्व मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित ने जस्टिस पाटिल के न्यायिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जस्टिस पाटिल के लिखे कई फैसलों में मानवीय दृष्टिकोण दिखाई देता है। इन फैसलों की खास बात यह रही कि दो दशक से अधिक समय बीतने के बाद भी बाद की पीढ़ियों के न्यायाधीशों ने इनकी मूल भावना को बरकरार रखा है। जस्टिस ललित के अनुसार, इन फैसलों ने कानून की व्याख्या को एक मजबूत आधार दिया है और अब वे न्यायिक व्यवस्था की परंपरा का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि जस्टिस पाटिल के फैसलों की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। गौरतलब है कि जस्टिस पाटिल मार्च 2000 से जनवरी 2005 तक सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश रहे थे।

संजीव खन्ना ने आत्मकथा को क्यों बताया आत्ममंथन?
पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने भी जस्टिस पाटिल की आत्मकथा की सराहना की और उन्हें पुस्तक के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह किताब खुद की तारीफ करने के बजाय अपने जीवन का ईमानदारी से आकलन करने जैसी है। यानी इसमें लेखक ने केवल अपनी उपलब्धियों का बखान नहीं किया है, बल्कि अपने जीवन के अनुभवों और संघर्षों को भी सामने रखा है। कार्यक्रम में पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश पंकज मित्तल भी मौजूद थे, जिन्होंने पुस्तक की प्रस्तावना लिखी है। इस तरह ‘समय, संकल्प और सफर’ के हिंदी संस्करण के विमोचन के साथ जस्टिस पाटिल के जीवन और न्यायिक अनुभवों को हिंदी पाठकों तक पहुंचाने की एक नई पहल हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें