केंद्रीय हिंदी संस्थान में कथित बीफ प्रकरण पर विहिप, बजरंग दल आदि अनेक संगठनों के प्रदर्शन से आरोपी छात्र बुरी तरह से डरे हुए हैं। वह अब आगरा नहीं लौटना चाहते हैं। यहां तक कि एक अप्रैल से होनी वाली परीक्षा में भी भाग नहीं लेना चाहते।
दिल्ली में पांचों छात्रों ने अपने-अपने देश के दूतावास में वतन वापसी की गुहार लगाई है। इस पर दूतावास ने गृह मंत्रालय से संपर्क साधा है। बताया जाता है कि मंत्रालय ने छात्रों के साथ किसी भी अनहोनी न होने का भरोसा दिलाया है।
दूतावास के हस्तक्षेप पर मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने संस्थान निदेशक को दिल्ली तलब किया है। उनसे पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि 18 मार्च को सोशल मीडिया पर मांस काटते-पकाते (जिसे बीफ बताया गया) हुए संस्थान के पांच छात्रों के फोटो वायरल हो गए थे। मामले की जांच के लिए संस्थान ने आठ सदस्यीय कमेटी बना दी। कमेटी ने निरीक्षण में ऐसी किसी गतिविधि के न होने की रिपोर्ट दी है।