जम्मू-कश्मीर के नौगाम सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास दो घुसपैठियों को ढेर कर भारतीय सेना ने सीमावर्ती चौकी को निशाना बनाने की बॉर्डर एक्शन टीम (बीएटी) की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। समझा जाता है कि मारे गए दोनों घुसपैठिये पाकिस्तानी सैनिक थे।
सेना के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सेना ने नौगाम सेक्टर में रविवार को तड़के, सीमावर्ती चौकी को निशाना बनाने की बैट की कोशिश नाकाम कर दी।’’
उन्होंने बताया कि घुसपैठियों ने नियंत्रण रेखा के पास घने जंगलों का फायदा उठा कर भारतीय हिस्से में आने की कोशिश की। इस दौरान उन्हें पाकिस्तानी चौकियों से मोर्टार और रॉकेट लॉन्चर जैसे भारी हथियारों से कवरिंग फायर के जरिये मदद मिली। उन्होंने कहा, ‘‘नियंत्रण रेखा के पास तैनात सतर्क भारतीय सेना के सैनिकों ने इसे भांप लिया।’’