गोरखपुर से स्पाइस जेट की उड़ान पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने रोक लगा दी है। चार अक्टूबर से इस विमान कंपनी की गोरखपुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए उड़ान शुरू होने वाली थी। इसके लिए विंटर शेड्यूल यानी अक्टूबर से लेकर मार्च तक के तमाम टिकटों की बुकिंग भी हो चुकी है।
खराब मौसम की आशंका के मद्देनजर विमान कंपनी ने दो महीने दिसंबर और जनवरी 2017 में अपनी सभी उड़ानें निरस्त कर रखी थीं। बताया जा रहा है कि रन वे की मरम्मत का काम प्रस्तावित होने से एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यह रोक लगाई है। चूंकि काम का शेड्यूल अभी तय नहीं था लिहाजा पूर्व में स्पाइस जेट को उड़ान शुरू करने की रजामंदी दे दी गई थी।
स्पाइस जेट के कारपोरेट कम्यूनिकेशन मैनेजर आनंद देवरा ने उड़ान पर रोक की पुष्टि करते हुए बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी की रजामंदी मिलने के बाद ही कंपनी ने चार अक्टूबर से दिल्ली और कोलकाता के लिए उड़ान शुरू करने की घोषणा की थी। वहीं अक्टूबर और नवंबर के बीच ही गोरखपुर से दिल्ली के लिए जूम एयरलाइंस और टाटा विस्तारा फ्लाइट भी शुरू करने की तैयारी में था, मगर अब ये सेवा भी लटक सकती है।
बता दें कि जेट लाइट ने भी 15 अगस्त से पूरी तरह से अपनी सेवा बंद कर दी। गोरखपुर से दिल्ली के लिए वर्तमान में सिर्फ एयर इंडिया की फ्लाइट है, मगर बताया जा रहा है कि रनवे की मरम्मत का काम शुरू होते ही यह उड़ान भी बंद हो जाएगी।