ओडिशा में स्वाइन फ्लू के पांच मामले सामने आए हैं और वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार स्थिति से निपटने के लिए ‘पूरी तरह से तैयार’ है।
स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉक्टर कैलाश चंद्र दास ने बताया, ‘‘पिछले कुछ दिनों में राज्य में पांच लोगों में एच1एन1 के मामले सामने आये हैं। इनका भुवनेश्वर में निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।’’ उन्होंने बताया कि इन मरीजों में से दो कालाहांडी और जगतसिंहपुर जिले के और तीन अन्य राजधानी के पास के इलाकों के रहने वाले हैं।
उन्होंने बताया, ‘‘सभी मरीजों की हालत स्थिर है और उनकी हालत में सुधार है।’’ डॉक्टर दास ने बताया कि मरीजों में से एक 79 वर्षीय महिला भी हैं जो हृदय से जुड़ी बीमारी का इलाज करवा रही है और जांच के दौरान एच1एन1 वायरस का पता चला।