राजस्थान के चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ।
राजस्थान में बीते बुधवार को पांच मेडिकल कॉलेज शुरू हो गए हैं। सरकार का दावा है कि इतनी संख्या में एक साथ मेडिकल कॉलेज शुरू करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य बन गया है।
जानकारी के अनुसार डूंगरपुर, पाली, चूरू, भीलवाड़ा और भरतपुर में नीट परीक्षा के माध्यम से करीब 500 सीट पर छात्रों की भर्ती के बाद पढ़ाई शुरू हो गई है। बची सीटों का आवंटन भी काउंसलिंग के बाद कर दिया जाएगा।
सरकार के अनुसार राजस्थान में अब मेडिकल सीटों की संख्या बढ़कर 2300 हो गई है। कांग्रेस ने कॉलेजों में फैकल्टी कम होने का आरोप लगाया है। सरकार ने कहा है कि कुछ समय में सभी कमियां दूर कर ली जाएंगी।
चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ ने कहा कि सरकार के प्रयास रंग लाए हैं। निजी कॉलेजों में एमबीबीएस के करोड़ों रुपये लिए जाते हैं, लेकिन अब विद्यार्थी बहुत ही कम कीमत में एमबीबीएस कर सकेंगे। इससे डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे राजस्थान को चंद वर्षों में अच्छी संख्या में डॉक्टर मिलने लगेंगे।