महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके में शनिवार को एक भीषण हादसा हो गया। यहां स्थित एक दो मंजिला इमारत की पहली मंजिल का फ्लोर अचानक गिर गया। इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक बच्चा बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों की पहचान मनीषा महादिक (59), मुकेश महादिक (32), शीतल भुवद (42), अनीता भुवद (22) और सिद्धार्थ महादिक (11) के रूप में हुई है। फिलहाल उनका एक स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल की जांच की और सतर्कता बरतते हुए चंद्रेश पार्क क्षेत्र में स्थित 28 साल पुरानी एक इमारत के 14 फ्लैटों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इमारत का संरचनात्मक ऑडिट किया गया है। उन्होंने बताया कि यह इमारत खतरनाक इमारतों की सूची में नहीं थी। हालांकि घटना के कारणों का पता किया जा रहा है।