नेल्सन मंडेला मार्ग पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आए सिपाही भूपसिंह आखिर पांच दिन तक मौत से लड़ने के बाद दम तोड़ दिया। वसंतकुंज नार्थ व साउथ थाने में तैनात पुलिस स्टाफ ने सिपाही के परिजनों को छह लाख रुपये एकत्रित कर दिए हैं। पुलिस मुख्यालय से भी सिपाही के परिजनों को सहायता स्वरूप राशि दी जाएगी। गौरतलब है कि वसंतकुंज (नार्थ) थाने में तैनात सिपाही भूप सिंह, हवलदार किशोरीलाल व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ 15 व 16 दिसंबर की रात पिकेट लगाकर नेल्सन मंडेला मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहा था।
पढ़ें- कोहरे ने मचाया कोहराम, यमुना एक्सप्रेस वे पर टकराई कई गाड़ियां, ऑस्ट्रेलियाई नागरिक की मौत
साउथ एक्स निवासी एक व्यवसायी के बेटे अखिलेश लोहिया शादी में शामिल होकर नेल्सन मंडेला मार्ग होते हुए छतरपुर जा रहा था। उसने जमकर शराब पी रखी थी। उसकी नई सफेद रंग की स्कोडा सुपर्व कार की स्पीड 150 से ज्यादा थी। उसने पहले एक के बाद एक तीन पुलिस बेरीकेड्स को टक्कर मारी थी। इसके बाद सिपाही भूपसिंह को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आर्मर (लोहे के बुलट प्रूफ वाला बेरीकेड्स ) बेरीकेड्स भी काफी दूर जाकर गिरा था। भूप सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को उसने दम मोड़ दिया। मूलरूप से अलवर, राजस्थान के रहने वाले 25 वर्षीय भूप सिंह की तीन वर्ष पहले शादी हुई थी और डेढ़ वर्ष का एक बेटा है। आरोपी अखिलेश अभी न्यायिक हिरासत में है।