उत्तर प्रदेश स्थित आगरा के पुरानी मंडी रोड पर वीआईपी इलाके विक्टोरिया पार्क के पास शनिवार दोपहर तकरीबन 12 बजे मोबाइल लूट के विरोध पर पल्सर सवार तीन बदमाशों ने सैंया निवासी किसान रामप्रकाश त्यागी के पुत्र देवदत्त त्यागी (25) को गोली मार दी। बदमाश मोबाइल फोन लूट ले गए। लुटेरों ने ओएलएक्स पर मोबाइल का विज्ञापन देखकर देवदत्त को बुलाया था। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
देवदत्त संजय प्लेस में एनआईआईटी की कोचिंग कर रहा है। वह बस से अक्सर आगरा आता है। उसने एक सप्ताह पहले सेमसंग ए-8 मोबाइल बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन दिया था। तीन दिन पहले एक युवक ने उसे फोन किया। खुद को एत्मादपुर का रहने वाला बताया। मोबाइल की कीमत लगाने के बाद उसे मिलने की कहने लगा। शनिवार को देवदत्त आने के लिए राजी हो गया।
बदमाशों ने उसे विक्टोरिया पार्क के पास बुलाया। देवदत्त 12 बजे पहुंचा। तभी काली पल्सर पर तीन बदमाश आए। उन्होंने मोबाइल देखने के बहाने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद जाने लगे। देवदत्त उनसे भिड़ गया।