देश में दिवाली के मौके पर एक तरफ पूरा देश जश्न मना रहा था, अपने परिवार और रिश्तेदारों से मिलने का यही तो खास मौका होता है। वहीं दूसरी तरफ कई जगहों से बुरी खबर भी सामने आई। जहां इस खुशी के मौके पर भीषण आग लगी। चलिए आपको बताते हैं किन राज्यों में कहां आग लगी और कैसी स्थिति रही-
दिवाली के मौके पर पंजाब के लुधियाना से सबसे ज्यादा आग लगने की खबरें आईं। यहां इस दौरान करीब 25 जगहों पर आग लगी। न्यूज वेबसाइट के मुताबिक फायर ऑफिसर शंभू नाथ शर्मा का कहना है कि लुधियाना में पटाखे के चलते करीब 25 जगहों पर आग लगी है। जिसके बाद 37 दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने के लिए बुलाया गया।
महाराष्ठ्र के ठाणे में भी दिवाली के मौके पर आग लग गई। जानकारी के मुताबिक यहां राजश्री लॉटरी में आग लग गई। हालांकि आग को फौरन बुझा लिया गया। घटना में किसी को नुकसान नहीं हुआ है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ शहर स्थित बिरहाना पार्क में गोयल मोमबत्ती के कारखाने में आग लग गई। घटना रात के 10.45 बजे की है। आग लगने के कारण फैक्ट्री में रखे सिलेंडरों में भी धमाके होने लगे। आग बुझाने में दमकल की गाड़ियों को घंटों लग गए।
मामले पर पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि फैक्ट्री तीन मंजिला मकान में चल रही थी। जिसमें भारी मात्रा में मोम और सिलेंडर रखे थे। आग की लपटों से स्थिति खतरनाक हो गई थी। जिसके चलते पुलिस ने आसपास के सभी मकानों को खाली करा दिया। स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।
देश की राजधानी के लक्ष्मी नगर से भी आग लगने की खबर आई। यहां इलाके के एटीएम में आग लग गई थी। जिसे बाद में बुझा लिया गया। इसके अलावा दिल्ली के गांधी मैदान क्षेत्र के राजधानी गेस्ट हाउस की दूसरी मंजिल पर भी आग लग गई। यह काफी भीड़भाड़ वाला इलाका है। आग को बुझाने में घंटों लग गए। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक बर्निंग कार सड़कों पर दौड़ रही थी। जिसने भी यह नजारा देखा वह या तो उससे बचने की कोशिश कर रहा था। इस घटना के वीडियो के वायरल होने की जो सबसे बड़ी वजह है वो ये कि आग लगने के बाद भी ये कार रुकी नहीं बल्कि आग की लपटों के साथ कार फ्लाईओवर पर दौड़ती रही। जानकारी के अनुसार पहले चलती कार में धमाका हुआ और फिर कार अचानक आग का गोला बनकर दौड़ने लगी।
खबर है कि इस कार में सवार शख्स का नाम राकेश था जो दिवाली के उपहार बांटने निकला था। उसकी कार राजीव चौक फ्लाईओवर पर पहुंची ही थी कि कार में तेज धमाका हुआ और आग लग गई। आग लगने के बाद भी तेज लपटों के साथ ही कार सड़क पर दौड़ती रही। जान बचाने के लिए राकेश ने चलती कार से छलांग लगा दी। चलती कार ने सड़क पर खड़े ऑटो को भी टक्कर मारी फिर भी वो रुकी नहीं।
लोगों ने इसे रोकने की कोशिश की लेकिन जब ये कार डिवाइडर से टकराई तब कहीं जाकर रुक पाई। हालांकी बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह कार की आग पर काबू पाया मगर तब तक कार जलकर खाक हो चुकी थी।