मुंबई के अंधेरी स्थित ईएसआईसी कामगार अस्पताल में सोमवार रात को लगी आग से मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। वहीं, हादसे में 147 लोग झुलस गए हैं। घायलों में ज्यादातर मरीज और कर्मचारी हैं। उन्हें मुंबई के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों में तीन की मौत सेवन हिल्स अस्पताल में हुई, तो वहीं दो की मौत कॉपर अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। इस हादसे में एक छह महीने के बच्चे की भी मौत हो गई।
केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने मुंबई के ईएसआईसी अस्पताल में भारी आगजनी में मारे गये लोगों के परिवार वालों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपया देने की घोषणा की गई है। यह जानकारी श्रम मंत्रालय ने अपने एक बयान के जरिए दी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही उन्होंने घटना को लेकर पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भी बातचीत की है।