फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र: गजल गायक तलत अजीज के घर में लगी भीषण आग, धुएं से परिवार अस्पताल में भर्ती, सभी को मिली छुट्टी

Sun, 04 Oct 2026 10:29 AM IST
सुनील मेहरोत्रा अमर उजाला ब्यूरो , मुबंई

सार

मुंबई के जुहू में गजल गायक तलत अजीज के घर में भीषण आग लग गई। धुएं से तलत अजीज, उनकी पत्नी, दो बेटों समेत पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी को शनिवार को छुट्टी मिल गई। आग में घर, हारमोनियम और कई पेंटिंग्स समेत कीमती सामान जलकर नष्ट हो गए।

विज्ञापन
तलत अजीज के घर में लगी आग - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुंबई के जुहू इलाके में शुक्रवार देर रात दिग्गज गजल गायक तलत अजीज के डुप्लेक्स अपार्टमेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उनका पूरा घर जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धुआं भरने के कारण दम घुटने की शिकायत के बाद तलत अजीज , उनकी पत्नी, दो बेटों और एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। राहत की बात यह है कि इलाज के बाद शनिवार को सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
विज्ञापन


रात में क्या हुआ? 
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात 10 बजकर 56 मिनट पर जुहू की पांच मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगने की सूचना मिली। आग में इलेक्ट्रिक वायरिंग, सोफा और स्प्लिट एयर कंडीशनर समेत घर का काफी सामान जल गया। तलत अजीज का परिवार इस इमारत में पिछले करीब 40 साल से रह रहा है। आग की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रात 11 बजकर 58 मिनट तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। मौके पर पुलिस, अडाणी इलेक्ट्रिसिटी और नगर निगम के कर्मचारी भी पहुंचे थे। फायर ब्रिगेड के अधिकारी आग लगने की असली वजह का पता लगाने में जुटे हैं।

धुएं में सांस लेने के कारण 70 वर्षीय तलत अजीज , उनकी 65 वर्षीय पत्नी बीना, बेटे शायान (30) और अदनान (25) तथा सिकंदर सिंह (45) को परेशानी होने लगी थी। इसके बाद सभी को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। शनिवार को हालत में सुधार होने के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन


तलत अजीज ने क्या बताया? 
हादसे का मंजर बताते हुए तलत अजीज ने मीडिया से कहा कि जब आग लगी, तब वह नीचे हॉल में बैठकर टीवी देख रहे थे, जबकि उनकी पत्नी बीना ऊपर वाले कमरे में थीं। अचानक हॉल में लगा एक एयर कंडीशनर, जो उस समय चालू भी नहीं था, उसमें से चिंगारियां निकलने लगीं। देखते ही देखते आग फैल गई। उन्होंने बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा चिंता अपनी पत्नी की सुरक्षा को लेकर थी और वह लगातार उन्हें आवाज दे रहे थे।

पत्नी ने अपनी जान कैसे बचाई? 
बीना ऊपर बाथरूम की तरफ भागीं। उन्होंने तुरंत शावर चालू किया और खिड़की से बाहर मदद के लिए पुकारने लगीं। इसी दौरान एक पड़ोसी ने हिम्मत दिखाई और सीढ़ी लगाकर बीना को खिड़की के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला। इस तरह उनकी जान बच सकी।

तलत अजीज ने बताया कि घर में धुआं बहुत ज्यादा भर जाने के कारण परिवार के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालांकि अब सभी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। घर के दोबारा रहने लायक होने तक पूरा परिवार एक होटल में रहेगा।
इस मुश्किल वक्त में तलत अजीज ने पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस सेवा का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही सभी एजेंसियां तेजी से मौके पर पहुंचीं और मदद की। उन्होंने पड़ोसियों की मदद की भी सराहना की।

आग में कितना नुकसान हुआ? 
आग में तलत अजीज का हारमोनियम और उनकी पत्नी बीना की बनाई हुई कई पेंटिंग्स समेत कई कीमती सामान जलकर नष्ट हो गए। हालांकि इन सामानों के खोने का उन्हें दुख है, लेकिन परिवार के सभी सदस्यों के सुरक्षित बच जाने से वह राहत महसूस कर रहे हैं। तलत अज़ीज़ गज़ल संगीत की दुनिया के मशहूर नाम हैं। वह 'फिर छिड़ी रात', 'जिंदगी जब भी' और 'आईना मुझसे मेरी' जैसे लोकप्रिय गानों के लिए जाने जाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें