नवी मुंबई पुलिस ने बुधवार को कहा कि निवेशकों से 14.24 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के आरोप में एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार को निवेशकों के एक समूह ने उरण थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने जनवरी से मई 2023 के बीच चिट फंड के जरिए अच्छे रिटर्न का वादा करके निवेशकों को धोखा दिया, लेकिन बाद में पैसे नहीं लौटाए।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बुधवार को सरकारी कंपनी मॉयल लिमिटेड (MOIL Ltd) के एक वरिष्ठ अधिकारी और कई अन्य व्यक्तियों के खिलाफ 1.35 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के लिए मामला दर्ज किया। केंद्रीय एजेंसी ने कहा कि मॉयल लिमिटेड के मुख्य प्रबंधक (वित्त) सचिन गजलेवार और अन्य पर आईपीसी की संबंधित धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। नागपुर में मॉयल लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) प्रदीप कामले द्वारा दायर शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। प्रदीप कामले ने 14 नवंबर, 2022 को सीबीआई के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पास शिकायत दर्ज कराई थी। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज की गई शिकायत में आरोपियों पर आपराधिक साजिश, सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग, धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक कदाचार का आरोप लगाया गया है।
नागपुर पुलिस ने बुधवार तड़के जिले के उमरेड में एक रिसॉर्ट में छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने अवैध रूप से शराब पीने और अश्लील नृत्य करने के आरोप में छह महिलाओं समेत 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़ी गईं महिलाएं अश्लील तरीके से नृत्य कर रही थीं, जबकि पुरुष आरोपी उन पर नोटों की बारिश कर रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि छापेमारी के दौरान विदेशी शराब की विभिन्न बोतलें जब्त की गईं।
बेस्ट बेकरी मामले में विशेष अदालत दो जून को फैसला सुनाएगी। यह मामला वडोदरा की एक बेकरी से संबंधित है, जिसमें 2002 के गुजरात दंगों के दौरान भीड़ ने आग लगा दी थी। बेकरी के अंदर 14 लोगों की जलने से मौत हो गई थी। घटना के बाद बेकरी मालिक की बेटी जहीरा शेख ने 21 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। जून 2003 में सबूतों की कमी के अभाव में फास्ट-ट्रैक अदालत ने सभी अभियुक्तों को बरी कर दिया था। इसके अलावा शेख सहित सभी प्रमुख गवाह अपने बयानों से भी मुकर गए थे।