केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
- फोटो : ANI
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच व्यापार समझौते को लेकर औपचारिक मोलभाव अगले महीने फिर से शुरू होगी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा, अगले महीने लीडरशिप समिट के दौरान होने वाली वार्ता से यूरोपीय संघ के साथ संबंधों को और ज्यादा मजबूती मिलेगी।
भारत और 27 यूरोपीय देशों के समूह ईयू के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर मोलभाव जून, 2007 में शुरू हुआ था, लेकिन मई, 2013 में यह बातचीत थम गई थी। इसके लिए दोनों देशों की तरफ से आईटी सेक्टर के लिए डाटा सुरक्षा दर्जे समेत कई अहम मुद्दों पर वैचारिक मतभेद को दूर नहीं कर पाने को जिम्मेदार माना गया था।
लेकिन वित्त मंत्री सीतारमण ने पुर्तगाल के विदेश मंत्री अगुस्तो सांतोस सिल्वा के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान इसके दोबारा शुरू होने की बात कही। उन्होंने कहा कि पुर्तगाल के पोर्तो में 8 मई को भारत व ईयू के नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान व्यापार व निवेश समझौतों पर औपचारिक वार्ताओं का शुरू होना पुर्तगाल की अगुवाई वाली ईयू परिषद की एक अहम सफलता होगी।
वित्त मंत्रालय ने ट्वीट किया, वित्तमंत्री सीतारमण ने बातचीत के दौरान, आपसी भरोसे और समान प्रतिबद्धता के साथ मजबूत आर्थिक और वित्तीय संपर्कों के आधार पर ऐतिहासिक द्विपक्षीय रिश्तों के निर्माण की जरूरत पर भी जोर दिया।
हालिया समय में बढ़े संपर्क की जताई अहमियत
बैठक के दौरान वित्त मंत्री ने हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच शीर्ष स्तर पर एक-दूसरे देश की यात्रा के महत्व को जाहिर किया। उन्होंने कहा, इससे दोनों देशों के बीच कई समझौतों के रास्ते साफ हुए और उसके अच्छे परिणाम सामने आए। इससे दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंध को 21वीं सदी की आधुनिक भागीदारी में बदलने में मदद मिली है।