पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची 15 जनवरी को प्रकाशित की जाएगी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) आरिज आफताब ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि अप्रैल-मई 2021 में राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। नई संशोधित सूची के आधार पर ही मतदान होंगे।
बता दें कि फिलहाल पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी की सरकार है। पश्चिम बंगाल के विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं। साल 2016 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी को 211, कांग्रेस को 40, लेफ्ट को 32, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा को 3 और एक निर्दलीय को एक सीट मिली थी। लेकिन साल 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की कुल 42 सीटों में से 18 सीटों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया था, जबकि टीएमसी को 22 और कांग्रेस को 2 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।