फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'बातचीत से निकलेगा रास्ता': सियांग प्रोजेक्ट पर बोले गृह मंत्री अमित शाह, अरुणाचल प्रदेश को क्या दी सौगात?

Sun, 22 Nov 2026 09:32 AM IST
प्रशांत तिवारी पीटीआई, ईटानगर।

सार

गृह मंत्री अमित शाह अरुणाचल प्रदेश दौरे के अंतिम दिन सहकारी सम्मेलन में शामिल हुए। इसके साथ ही वह विजन डॉक्यूमेंट 2047 जारी किया और होलोंगी में एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन किया।
विज्ञापन
अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अरुणाचल प्रदेश में 11,200 मेगावाट क्षमता वाली सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट (SUMP) को लेकर जारी विरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थानीय लोगों से परियोजना का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने इसे केवल अरुणाचल प्रदेश के विकास का नहीं, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा, राज्य के राजस्व और सामरिक हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताया। शनिवार को ईटानगर के पास बंदरदेवा स्थित पुलिस ट्रेनिंग अकादमी में अरुणाचल प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि इस परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों की चिंताओं को गंभीरता से सुना जाएगा। राज्य सरकार उनसे सकारात्मक और रचनात्मक बातचीत करेगी तथा उन्हें विश्वास में लेकर ही आगे बढ़ेगी। उन्होंने साफ कहा कि इस परियोजना का रास्ता टकराव से नहीं, बल्कि संवाद से निकलेगा।

विज्ञापन


'देश में सबसे आकर्षक पुनर्वास पैकेज देगी सरकार'
अमित शाह ने परियोजना से प्रभावित होने वाले लोगों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उन्हें पूरे देश में सबसे आकर्षक पुनर्वास पैकेज उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं का पूरा सम्मान किया जाएगा तथा इनके साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा। गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास के नाम पर क्षेत्र की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से राज्य सरकार के साथ खुलकर बातचीत करने और अपनी चिंताओं को सामने रखने की अपील की। शाह ने कहा कि लोग राज्य सरकार के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ भी चर्चा कर सकते हैं। उन्होंने दोहराया कि अरुणाचल प्रदेश और यहां के युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण इस परियोजना को सकारात्मक बातचीत और प्रभावी पुनर्वास व्यवस्था के आधार पर ही आगे बढ़ाया जाएगा।

सियांग, ईस्ट सियांग और अपर सियांग में प्रस्तावित है परियोजना
11,200 मेगावाट की सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट को सियांग, ईस्ट सियांग और अपर सियांग जिलों में विकसित करने की योजना है। पिछले कई महीनों से यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक बहस का प्रमुख मुद्दा बनी हुई है। स्थानीय निवासी और विभिन्न संगठन प्रस्तावित बांध के संभावित प्रभावों को लेकर विरोध जता रहे हैं। लोगों की प्रमुख चिंताओं में क्षेत्र की संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली और स्थानीय समुदायों पर पड़ने वाला असर शामिल है। वहीं केंद्र सरकार इसे राज्य के विकास, ऊर्जा उत्पादन और राष्ट्रीय सामरिक हितों के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है। शाह ने इसी संदर्भ में कहा कि केंद्र सरकार राज्य और उसके लोगों के हितों को ध्यान में रखकर ही विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाएगी और हर चरण में स्थानीय लोगों को विश्वास में लिया जाएगा।
विज्ञापन


स्थानीय संगठनों ने शाह को सौंपा ज्ञापन, परियोजना रद्द करने की मांग
परियोजना का विरोध कर रहे दो प्रमुख स्थानीय संगठनों आदि बाने केबांग यूनाइटेड (ABKU) और सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम (SIFF) ने अमित शाह को ईमेल के माध्यम से संयुक्त ज्ञापन भेजकर परियोजना रद्द करने की मांग की है। दोनों संगठनों ने आरोप लगाया कि परियोजना की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है, स्थानीय लोगों से पर्याप्त जनपरामर्श नहीं किया गया और विरोध करने वालों को डराया जा रहा है। संगठनों ने प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट (PFR) से जुड़ी सभी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों की रिहाई, क्षेत्र से केंद्रीय सुरक्षा बलों की वापसी और 23 अक्टूबर को सियांग जिले में हुई हिंसा की न्यायिक जांच कराने की मांग भी की गई है। गृह मंत्री के दौरे के दौरान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत होने की भी संभावना है।

कांग्रेस बोली- आदिवासी समुदायों पर नहीं थोपी जाए परियोजना
अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस ने भी सियांग परियोजना को लेकर केंद्र सरकार से स्पष्ट आश्वासन मांगा है। विपक्षी पार्टी ने कहा कि प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना स्थानीय आदिवासी समुदायों पर नहीं थोपी जानी चाहिए। कांग्रेस के मुताबिक, सियांग नदी पर बांध का विरोध कर रहे मूल निवासियों की चिंताओं का केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए। पार्टी ने राज्य में चल रही हाईवे परियोजनाओं में कथित भ्रष्टाचार समेत अन्य मुद्दों पर भी गृह मंत्री से जवाब मांगा। कांग्रेस ने कहा कि अमित शाह का दौरा केवल औपचारिक कार्यक्रमों और सरकारी घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इस दौरान केंद्र को ठोस फैसले लेने के साथ प्रभावित लोगों को लिखित आश्वासन और समयबद्ध प्रतिबद्धताएं देनी चाहिए, ताकि राज्य के सामने मौजूद समस्याओं का वास्तविक समाधान हो सके।

लोक भवन में मुख्यमंत्री और अधिकारियों के साथ शाह की अहम बैठक
सियांग परियोजना पर समर्थन की अपील के साथ ही अमित शाह ने शनिवार को ईटानगर स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उपमुख्यमंत्री चौना मीन, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में अरुणाचल प्रदेश के प्रमुख मुद्दों, विकास की प्राथमिकताओं और उन्हें पूरा करने के लिए केंद्र सरकार से जरूरी सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान राज्य की समस्याओं और प्राथमिकताओं को लेकर एक संक्षिप्त प्रस्तुति भी दी गई। इसमें उन क्षेत्रों की जानकारी दी गई, जहां केंद्र सरकार के हस्तक्षेप और सहायता की आवश्यकता है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर गृह मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शाह ने राज्य की चिंताओं और प्राथमिकताओं को उचित महत्व दिया। उनके सुझाव, विचार और मार्गदर्शन से इन मुद्दों को रचनात्मक तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

'बड़ा खाना' में पुलिसकर्मियों के साथ शामिल हुए गृह मंत्री
उच्चस्तरीय बैठक के बाद अमित शाह अरुणाचल प्रदेश पुलिस के जवानों और अधिकारियों के साथ 'बड़ा खाना' कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किए जाने के अवसर पर ईटानगर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ भोजन करके उन्हें खुशी हुई। शाह ने बताया कि बड़ा खाना सुरक्षा बलों की एक विशेष परंपरा है, जिसमें अधिकारी और जवान एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। इससे पुलिस बल के भीतर एकजुटता, भाईचारा और आपसी संबंध मजबूत होते हैं। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने भी गृह मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शाह ने अरुणाचल प्रदेश की चिंताओं और आकांक्षाओं पर ध्यान दिया तथा उनके सुझाव और मार्गदर्शन राज्य की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। बैठक में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, राज्य के गृह मंत्री मामा नाटुंग, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और पुलिस महानिदेशक राजेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर, 932 युवाओं को नियुक्ति पत्र
दौरे के दौरान अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया। यह सम्मान पुलिस बल की सेवाओं और उपलब्धियों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी कार्यक्रम में उन्होंने राज्य पुलिस और अन्य विभागों में नवनियुक्त 932 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए बताया कि ये नियुक्तियां छह श्रेणियों के पदों पर की गई हैं। इनमें अरुणाचल राइफल्स की इंडियन रिजर्व बटालियन के 14 कांस्टेबल बैंड कर्मी, 235 आईआरबीएन कांस्टेबल, सिविल पुलिस में 157 महिला कांस्टेबल और 211 पुरुष कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा 72 फायरमैन और स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (STPF) के 243 कर्मियों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए। इस तरह अमित शाह के दौरे में एक ओर जहां सियांग परियोजना पर जारी विरोध के बीच संवाद और सहमति बनाने की कोशिश दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर राज्य की विकास प्राथमिकताओं और पुलिस बल को मजबूत करने पर भी जोर रहा।

ये भी पढ़ें: भारत-पाक सीमा पर बड़ी कार्रवाई: ड्रोन से भेजी गई हथियारों और हेरोइन की खेप बरामद, चार पिस्तौल और ये सामान मिला
विज्ञापन


मेगा बांध परियोजना का हो रहा विरोध
शाह का यह आश्वासन ऐसे समय में आया है, जब स्थानीय 'आदि' समुदाय के कुछ वर्गों, खासकर सियांग और अपर सियांग जिलों के निवासियों की ओर से प्रस्तावित मेगा बांध का लगातार विरोध किया जा रहा है। इन लोगों ने परियोजना से अपनी पुश्तैनी जमीन, गांवों, आजीविका, पर्यावरण और सांस्कृतिक पहचान पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता जताई है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें