राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के कस्टम वॉल्ट्स से तस्करों से जब्त किए गए कम-से-कम 25 करोड़ रुपये मूल्य के सोने रहस्यमय तरीके से गायब हो गए हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को इस मामले की जांच करने का आदेश दिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुल 80 किलोग्राम के ये सोने और सोने के जेवर गत चार साल में हवाईअड्डे के गोदाम से गायब हुए हैं। चोरी के हर मामले में सोने या जेवर को अन्य सस्ती पीली धातु से बदल दिया गया है। वर्तमान बाजार मूल्य के लिहाज से इनकी कुल कीमत 25 करोड़ रुपये बैठती है।
सूत्रों ने बताया कि पहले यह मामला दिल्ली पुलिस में दर्ज किया गया। लेकिन चोरी जारी रही। इसके बाद केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की मंजूरी के बाद मामला सीबीआई को देने का फैसला किया गया। उन्होंने बताया कि सीबीआई से इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज करने के लिए और यह पता लगाने के लिए कहा गया है कि भारी सुरक्षा के बाद भी सोने का अन्य सस्ती धातु से कैसे बदला गया।