केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और एक मुस्लिम कालेज छात्र के बीच सोशल मीडिया पर तीखी नोकझोंक का मामला सामने आया है। दरअसल बाबुल सुप्रियो के एक पोस्ट पर छात्र मुस्तफिजुर रहमान ने सुप्रियो से उनकी शिक्षा का ब्योरा मांग लिया था। रहमान का दावा है कि सुप्रियो ने उसे वापस उसके देश भेज देने की धमकी दी थी।
रहमान ने शुक्रवार को कहा कि सुप्रियो को इस मामले में उनसे बिना किसी शर्त सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। इस पर पलटवार करते हुए सुप्रियो ने कहा, रहमान जैसे लोग बार बार अपराध करते हैं और उन्हें ऐसे मूर्खों से कोई माफी मांगने की जरूरत नहीं है। सुप्रियो ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी छात्र के धर्म को लेकर नहीं थी।
सुप्रियो ने सीएए (संशोधित नागरिकता कानून) के समर्थन और जाधवपुर विवि की छात्रा द्वारा नागरिकता कानून की प्रति फाड़ने की निंदा करते हुए 26 दिसंबर को यह पोस्ट फेसबुक पर शेयर किया था। अगले ही दिन रहमान ने सुप्रियो और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष की डिग्री पर सवाल उठाए थे।